Uncategorized

सुशासन तिहार….नगर-पालिका अध्यक्ष की अधिकारियों से बहस; मंच से उतारे जाने की कोशिश का आरोप, समर्थकों ने लगाए नारे, कहा- कलेक्टर से करेंगे शिकायत

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर के मंदिर हसौद में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष और अधिकारियों के बीच बहस हो गई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में नगर पालिका अध्यक्ष सुशासन तिहार में अव्यवस्था को लेकर नाराजगी जाहिर करते नजर आ रहे हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष का कहना है कि उन्होंने जनता की समस्याओं से जुड़े सवाल उठाए थे, लेकिन उन्हें मंच से हटाने की कोशिश की गई। इस घटना से नाराज उनके समर्थकों ने मौके पर नारेबाजी शुरू कर दी।

मंदिर हसौद नगर पालिका अध्यक्ष गोपाल चतुर्वेदी ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में अधिकारियों ने प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया। उन्होंने कहा कि शिविर में कई लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे, लेकिन अधिकारियों ने उनकी बात नहीं सुनी।

जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो अधिकारियों ने उन्हें मंच से नीचे उतरने के लिए कहा। गोपाल चतुर्वेदी का कहना है कि वह इस पूरे मामले की शिकायत कलेक्टर से करेंगे।

शिविर में कुल 381 आवेदन मिले

सुशासन तिहार 2026 के तहत सोमवार को आरंग के मंदिर हसौद में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं और आवश्यक सेवाओं से जुड़े आवेदन लेकर पहुंचे थे। शिविर में कई विभागों के अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की।

शिविर में कुल 381 आवेदन मिले, जिनमें से 78 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया। इनमें राशन कार्ड, आधार कार्ड, श्रम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों से संबंधित प्रकरण प्रमुख रहे। मौके पर ही समस्याओं का समाधान होने से ग्रामीणों में संतोष और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

हितग्राहियों को मिला विभिन्न योजनाओं का लाभ

शिविर में विभिन्न विभागों की तरफ से जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम कार्ड और उनके नवीनीकरण के साथ ड्राइविंग लाइसेंस वितरण की प्रक्रिया पूरी की गई।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने 14 हितग्राहियों को लाभान्वित किया, जबकि कृषि विभाग ने 3 किसानों को खाद-बीज वितरित किए। परिवहन विभाग ने 3 लोगों को लर्निंग लाइसेंस प्रदान किए और समाज कल्याण विभाग ने 22 पेंशन प्रकरणों का निराकरण किया।

राशन कार्ड, उज्ज्वला कनेक्शन और आवास की चाबी वितरित

खाद्य विभाग ने 50 राशन कार्ड और 3 उज्ज्वला कनेक्शन वितरित किया। स्वास्थ्य विभाग ने 5 आयुष्मान कार्ड बनाए। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 12 हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी गई।

इस अवसर पर एडीएम उमाशंकर बंदे, एसडीएम अभिलाषा पैकरा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पूजा पिल्ले सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button