रायपुर में मामूली विवाद के बाद युवक की हत्या:बदमाशों ने दौड़ाया, स्कूटी नाली में गिरी तो घेरकर चाकू से गोदा; एम्स में मौत


रायपुर।के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में देर रात मामूली विवाद के बाद 22 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। अश्वनी नगर स्थित गौसिया मस्जिद के पास दो अज्ञात हमलावरों ने युवक पर धारदार हथियार से कई वार किए और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक की मौत हो गई। वहीं, राजधानी में लगातार हो रही हत्याओं, सट्टा, अवैध शराब, गांजा और जुए के कारोबार को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने आक्रोश जताया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों में कानून का खौफ खत्म हो गया है। अगर मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन करेंगे। डंगनिया निवासी अहमद खान (22) की सोमवार रात करीब साढ़े 12 बजे अश्वनी नगर की गली में किसी बात को लेकर दो युवकों से बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर अहमद स्कूटी से वहां से भागने लगा। इसी दौरान उसकी स्कूटी सड़क किनारे नाली में गिर गई और वह सड़क पर जा गिरा। पीछा कर रहे दोनों हमलावरों ने अहमद को जमीन पर गिरा देख उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपियों ने उस पर लगातार कई वार किए। गंभीर रूप से घायल अहमद सड़क पर खून से लथपथ पड़ा रहा। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
एम्स ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अहमद को इलाज के लिए एम्स अस्पताल ले गई। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
DCP-ADCP समेत क्राइम ब्रांच की टीमें पहुंचीं
युवक की हत्या की सूचना मिलते ही DCP, ADCP और ACP समेत क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। हमलावरों की पहचान के लिए पुलिस फुटेज के साथ स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
हत्या की वजह अब तक साफ नहीं
फिलहाल हत्या की असली वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामूली विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं, फरार दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।
कन्हैया अग्रवाल ने पुलिसिंग पर उठाए सवाल
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि डबल मर्डर के खून के धब्बे अभी सूखे भी नहीं थे कि एक और हत्या ने राजधानी को दहला दिया है। कन्हैया अग्रवाल ने आरोप लगाया कि पूरा प्रदेश और विशेष रूप से राजधानी रायपुर नशे और अवैध कारोबार की चपेट में है। गली-मोहल्लों में गांजा और शराब की बिक्री, सट्टे और जुए के अड्डों के कारण शहर की शांति प्रभावित हो रही है। अपराधियों के मन से कानून का डर खत्म हो चुका है, जिसके चलते आए दिन चाकूबाजी और हत्याओं की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि आम नागरिक और व्यापारी वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पुलिस प्रशासन ने नशे के अवैध कारोबारियों, सटोरियों और अपराधियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई नहीं की तो जनता की सुरक्षा और शहर की शांति बहाल करने के लिए कांग्रेस आंदोलन करेगी।


