रणजी ट्राफी : इंदौर के होलकर स्टेडियम में आज मध्य प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के बीच क्वार्टर फाइनल मैच

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
इंदौर। देश के सबसे बड़े घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट रणजी ट्राफी का सफर नाकआउट दौर में पहुंच चुका है। मध्य प्रदेश की टीम की टक्कर जम्मू-कश्मीर से होगा है। यह मुकाबला होलकर स्टेडियम में शुक्रवार से खेला जाएगा। मेजबान होने का फायदा मध्य प्रदेश को मिलेगा। पिछला रिकार्ड भी मेजबान टीम के पक्ष में है। अब तक जम्मू-कश्मीर को मध्य प्रदेश से रणजी ट्राफी में कोई भी जीत नहीं मिली है।

मध्य प्रदेश और जम्मू-कश्मीर की टीमों ने होलकर स्टेडियम में कड़ा अभ्यास करते हुए अपनी तैयारियों को मजबूत किया। मध्य प्रदेश की टीम सात लीग मैचों में से तीन में सीधी जीत के बाद 28 अंकों के साथ अपने समूह में शीर्ष पर रहते हुए नाकआउट में पहुंची है। शुरुआती मैचों में कमजोर प्रदर्शन के बाद मप्र ने अपने खेल और रणनीति में सुधार किया है।
जम्मू-कश्मीर की तेज गेंदबाजी बेहद मजबूत
वहीं जम्मू-कश्मीर की टीम सात मैचों में तीन जीत और एक हार के बाद 24 अंकों के साथ अपने समूह में दूसरे स्थान पर रहते हुए नाकआउट में पहुंची है। मध्य प्रदेश टीम संतुलित है और टीम की ताकत उसकी बल्लेबाजी है। टीम के पास निचलेक्रम तक बल्लेबाज हैं। वहीं जम्मू-कश्मीर की तेज गेंदबाजी बेहद मजबूत है। अनुभवी पारस डोगरा की अगुआई में टीम पिछले कुछ सत्रों से प्रभावी खेल दिखा रही है।
होलकर स्टेडियम की लाल मिट्टी की पिच पर मैच खेला जाएगा। इसी पिच पर मप्र और केरल के बीच लीग मैच खेला गया था, जिसमें केरल ने पहली पारी के आधार पर बढ़त हासिल की थी। मप्र को उस मैच की गलतियों से सबक लेना होगा। पिच पर हल्की रोलिंग की गई है। गेंदबाज और बल्लेबाज दोनों को समान मदद मिलेगी। यदि ऐसा ही मौसम रहता है तो तीसरे दिन से स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलने लगेगी।
रजत और वेंकटेश जैसे नामों पर मप्र का दारोमदार
मध्य प्रदेश टीम में कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर शामिल हैं। कप्तान रजत पाटीदार के अलावा मध्य क्रम बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर पर टीम का दारोमदार होगा। इनके अलावा शुभम शर्मा और सारांश जैन जैसे इंदौरी खिलाड़ियों का फार्म टीम की मजबूती है। सारांश ने पिछले 10 मैचों में 748 रन बनाए हैं जबकि सारांश ने पिछले नौ मैचों में 510 रन बनाए हैं। इस दौरान सारांश ने 39 विकेट भी हासिल किए हैं।
कुमार कार्तिकेय सिंह ने भी पिछले मैचों में 41 विकेट हासिल किए हैं। जम्मू-कश्मीर के लिए पारस डोगरा पिछले 10 मैचों में 681 रन बना चुके हैं जबकि कन्हैया वाधवान ने इतने ही मैचों में 631 रन बनाए हैं। तेज गेंदबाज अकिब नबी ने पिछले 10 मैचं में 46 विकेट लिए हैं जबकि युधवीर सिंह ने छह मैचों में 26 बल्लेबाजों को आउट किया है।
मध्य प्रदेश टीम में एक बदलाव
महत्वपूर्ण मैच के लिए मध्य प्रदेश टीम में एक बदलाव किया गया है। चंबल के तेज गेंदबाज रामवीर गुर्जर को टीम में शामिल किया गया है। वे कुलवंत खेजरोलिया की जगह शामिल किए गए हैं। अन्य सभी खिलाड़ी फिट हैं।



