सामूहिक विवाह में अव्यवस्था से रमन सिंह नाराज:बोले- मुख्यमंत्री की गरिमा के अनुरूप नहीं हुआ कार्यक्रम

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बेमेतरा जिले में आयोजित एक सामूहिक विवाह कार्यक्रम में जिला प्रशासन और अधिकारियों के रुख को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह बेहद नाराज हुए। उनकी नाराजगी से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में डॉ. रमन सिंह मंच से माइक पर प्रशासन को फटकार लगाते हुए कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री और दो-दो उपमुख्यमंत्री यहां मौजूद हैं, लेकिन उनकी गरिमा के अनुरूप यह कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया है।
उन्होंने कलेक्टर और एसपी को सीधे शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, ‘यह कोई तरीका नहीं है कि मुख्यमंत्री जी का पीछे से स्वागत किया जाए।’ उन्होंने कहा कि ढाई घंटे में भी प्रशासन एक वैकल्पिक जगह नहीं ढूंढ पाया। अपने 15 साल के मुख्यमंत्री कार्यकाल का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने आज तक ऐसी अव्यवस्था नहीं देखी है।
भाजपा विधायक की बारात, डिप्टी सीएम ने हांकी बैलगाड़ी
बेमेतरा शहर के बेसिक स्कूल ग्राउंड में रविवार को मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम हुआ। इसमें बेमेतरा के भाजपा विधायक दीपेश साहू ने तरुणा साहू के साथ सात फेरे लिए। उनके साथ 23 अन्य जोड़ों ने भी विवाह रचाया।
ऐसा पहली बार है कि प्रदेश में किसी विधायक ने सामूहिक विवाह में सात फेरे लिए है। बाराती बैलगाड़ी से आयोजन स्थल तक पहुंचे। डिप्टी सीएम अरुण साव इस बैलगाड़ी को हांक रहे थे। इस कार्यक्रम में सीएम विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम विजय शर्मा समेत कई नेताओं ने हिस्सा लिया।



