सिटी सेंटर मॉल की पार्किंग से इनोवा कार गबन करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रायपुर जिले के देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में सिटी सेंटर मॉल की पार्किंग से इनोवा कार गबन करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से करीब 9 लाख रुपये कीमत की कार भी बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, उड़ीसा के संबलपुर निवासी सुरजीत सिंह चावला अपने परिवार के साथ मॉल पहुंचे थे। पार्किंग में वाहन खड़ा करते समय उनके बेटे ने टिकट लेकर चाबी कर्मचारी को सौंप दी थी। कुछ देर बाद लौटने पर वाहन गायब मिला। जांच में सामने आया कि मॉल का कर्मचारी मनीष साहू उर्फ डेकेश्वर साहू कार लेकर फरार हो गया।
मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और देवेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की। लगातार दबिश के बाद उसे वाहन सहित पकड़ लिया गया। आरोपी के पास से इनोवा कार (क्रमांक OD 15 A 5089) बरामद की गई। साथ ही वाहन में रखे दस्तावेज और नकदी की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी वाहन चोरी के कई मामलों में शामिल रहा है और अलग-अलग थानों में उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज हैं। उसे आदतन अपराधी माना जा रहा है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।



