अबूझमाड़ की नई तस्वीर, खौफ के साए से बाहर निकल ग्रामीणों ने एक साथ सुनी ‘मन की बात’, देश को दी नई प्रेरणा

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 134वीं कड़ी ने रविवार को छत्तीसगढ़ में बदलते बस्तर और नए भारत की एक प्रेरक तस्वीर प्रस्तुत की। अबूझमाड़ के जिस मैदान में कभी नक्सलियों की सभाएं लगती थीं, वहीं आज ग्रामीणों ने एकजुट होकर पूरे उत्साह के साथ प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’ सुनी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ के युवा धावक अनिमेष कुजूर और पंजाब के गुरविंदर सिंह की उपलब्धियों का जिस आत्मीयता और प्रेरक शैली में उल्लेख किया, वह देश के युवाओं में नई ऊर्जा भरने वाला है। प्रधानमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों से संवाद करते हुए बताया कि पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में महज दो दिनों के भीतर राष्ट्रीय रिकॉर्ड तीन बार टूटा, जो भारतीय खेलों में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और नए आत्मविश्वास का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर के छोटे से गांव से निकलकर अनिमेष कुजूर का 10.15 सेकंड में दौड़ पूरी कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाना और राष्ट्रमंडल खेल 2026 के लिए क्वालीफाई करना पूरे छत्तीसगढ़ और देश के लिए गर्व का विषय है।
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री और अनिमेष कुजूर के बीच हुए संवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि युवा खिलाड़ी की सोच विशेष रूप से प्रेरक है। प्रधानमंत्री से बातचीत में अनिमेष ने बताया कि किस प्रकार कोविड काल के दौरान खेल के प्रति रुचि बढ़ी, साथियों के प्रोत्साहन से एथलेटिक्स में प्रवेश हुआ और कठिन चुनौतियों तथा संदेहों के बावजूद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखने का संकल्प लिया।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ‘मन की बात’ में बिलासपुर जिले के ऐतिहासिक मल्हार में मिली प्राचीन ताम्र-पट्टिकाओं का उल्लेख छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाला क्षण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 1400 से 1500 वर्ष पुरानी मानी जा रही ये ताम्र-पट्टिकाएं पांडुवंशी शासनकाल, विशेष रूप से महर्षि बालार्जुन काल से जुड़ी मानी जा रही हैं, जो उस समय की शासन व्यवस्था, संस्कृति, धर्म और सामाजिक जीवन की महत्वपूर्ण जानकारी देती हैं। उन्होंने कहा कि प्राचीन ब्राह्मी लिपि और पाली भाषा में लिखी गई यह धरोहर छत्तीसगढ़ की गौरवशाली ऐतिहासिक परंपरा का सशक्त प्रमाण है।



