इंदौर में बाप-बेटे ने इंफोसिस की महिला इंजीनियर पर चढ़ाई कार, मौत, दो अन्य गंभीर घायल

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र में बुधवार रात पेंट हाउस के विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि पेंटहाउस को लेकर चल रहे तनाव के बीच पिता और बेटे ने आपा खो दिया। तेज रफ्तार कार भीड़ की ओर दौड़ा दी। इस खौफनाक घटना में एक महिला इंजीनियर की मौत हो गई। दो अन्य लोग बुरी तरह घायल हो गए हैं।
मामला एमआर-11 स्थित सागर टाउनशिप के समृद्धि एन्क्लेव परिसर की देर रात हुआ। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
महिला के दो छोटे बच्चे हैं…
महिला का नाम शंपा पाठक (पांडे) है जो आईटी सेक्टर में काम करती थीं। वह Infosys में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम कर रही थीं। उनके पति भी इसी क्षेत्र से जुड़े हैं। परिवार हाल ही में इसी महीने इस सोसायटी में रहने आया था। उनके दो छोटे बच्चे हैं।
एयर बीएनबी को लेकर था विरोध
स्थानीय लोगों ने बताया कि सोसायटी में रहने वाले कुलदीप चौधरी और उनके बेटे ने बिल्डर से पेंटहाउस खरीद था। उसको Airbnb के जरिए किराए पर देना शुरू कर दिया था। बाहरी लोगों की लगातार आवाजाही से सोसायटी के लोग काफी परेशान थे। वह इसका विरोध कर रहे थे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। उन्होंने मिलकर कुलदीप चौधरी के पेंटहाउस की लाइट बंद कर दी। उसके बाद कुलदीप अपने बेटे के साथ पहुंचा। उसने रहवासियों के फ्लैट्स की लाइट बंद कर दी, जिससे विवाद बढ़ गया।



