छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

महिला सुरक्षा एवं कानूनी अधिकारों पर छात्राओं को मिला महत्वपूर्ण मार्गदर्शन

छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने किया छात्राओं को जागरूक

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर।  गुरुकुल महिला महाविद्यालय, रायपुर के महिला शिकायत निवारण प्रकोष्ठ द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से ‘महिला सुरक्षा एवं कानूनी अधिकार’ विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू थीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में महिलाओं के संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों, घरेलू हिंसा से संरक्षण, कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम तथा महिला आयोग की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों एवं कानूनों की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है। जागरूकता ही आत्मविश्वास और सशक्तिकरण का आधार है। उन्होंने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार के अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सांध्य गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि छात्राओं को सामाजिक रूप से जागरूक, आत्मनिर्भर एवं अधिकारों के प्रति सजग बनाना भी है। ऐसे आयोजन छात्राओं में आत्मविश्वास और कानूनी समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन डॉ. रात्रि लहरी, जिला संगठक NSS, महिला शिकायत निवारण प्रकोष्ठ द्वारा किया गया। उन्होंने महिला सुरक्षा एवं अधिकारों के महत्व को रेखांकित करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।

इस अवसर पर महिला शिकायत निवारण प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ. वंदना अग्रवाल तथा सदस्य श्रीमती सिमरन वर्मा एवं श्रीमती अनुराधा गुप्ता , महाविद्यालय के प्राध्यापक , छात्राएँ एवं स्वयं सेवक उपस्थित रहीं। छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा प्रश्नोत्तर सत्र में अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

अंत में डॉ. वंदना अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य वक्ता, प्राचार्य, प्राध्यापकगण, आयोजन समिति एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का समापन महिला सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए किया गया।

Related Articles

Back to top button