छत्तीसगढ़ में पड़़ रही भीषण गर्मी के चलते साय सरकार ने 20 अप्रैल से स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश की घोषणा की है

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
छत्तीसगढ़ स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए अच्छी खबर है। छत्तीसगढ़ सरकार ने गर्मी छुट्टी की घोषणा कर दी है। प्रदेश में अब 20 अप्रैल से बच्चों की गर्मी छुट्टी शुरू हो जाएगी। स्कूूल शिक्षा विभाग के इस फैसले से स्कूली बच्चों को बड़ी राहत मिली है। बता दें कि प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है। पारा 40 के पार जा रहा है। मौसम विभाग ने आज से लू की चेतावनी जारी की है। ऐसे में बच्चों के सेहत को लेकर स्कूल शिक्षा विभाग ने 10 दिन पहले ही स्कूलों में छुट्टी का ऐलान कर दिया है।

15 जून तक स्कूलों में छुट्टी
साय सरकार ने भीषण गर्मी के चलते समय से पहले स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश की घोषणा की है। यह आदेश किसी एक क्षेत्र के लिए नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए है। सभी सरकारी स्कूल (Government Schools) बंद रहेंगे। प्राइवेट यानी अशासकीय स्कूलों को भी छुट्टी रखनी होगी। अनुदान प्राप्त विद्यालयों पर भी यह आदेश सख्ती से लागू होगा। वहीं नए आदेश के अनुसार अब 20 अप्रैल से 15 जून तक प्रदेशभर के स्कूल बंद रहेंगे।
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र बोले- बच्चों के स्वास्थ्य के साथ कोई समझौता नहीं..
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता। दोपहर की भीषण गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। आपको बता दें कि इस बार छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अप्रैल के महीने में ही रिकॉर्ड तोड़ना शुरू कर दिया है, जिससे अभिभावक भी काफी चिंतित थे।
छत्तीसगढ में आज से लू का अलर्ट
राजधानी समेत प्रदेश के विभिन्न इलाकों में 16 से 19 अप्रैल तक लू चल सकती है। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री बढ़ सकता है। बुधवार को राजनांदगांव सबसे ज्यादा गर्म रहा। वहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री रहा। इसकी तुलना में रायपुर में पारा 41.7 डिग्री रहा। पिछले 24 घंटे में राजधानी में पारा एक डिग्री चढ़ गया। जबकि प्रदेश में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोत्तरी हुई है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को सतर्क किया है।



