छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

Breaking: बीजापुर में नक्सलियों का हमला, IED ब्लास्ट में दो जवान शहीद और चार घायल

सच तक इंडिया रायपुर बीजापुर। छत्‍तीसगढ़ के बीजापुर (Bijapur) जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां नक्‍सलियों द्वारा एक बड़ा आईईडी ब्‍लास्‍ट किया गया है। इस आईईडी ब्‍लास्‍ट (IED Blast) में सुरक्षा बल के दो जवान बलिदान हो गए हैं, जबकि चार जवान घायल हैं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

घायल जवानों को एयरलिफ्ट के जरिए रायपुर लाया जा रहा है। नक्‍सलियों ने यह आईईडी ब्‍लास्‍ट बीजापुर जिले के मंडमिरका के जंगलों में किया है। बताया जा रहा है कि ऑपरेशन से लौटते समय नक्‍सलियों ने सुरक्षा बल को निशाना बनाते हुए आईईडी ब्‍लास्‍ट किया।

मुठभेड़ में मारे गए 12 नक्सली

बता दें कि छत्‍तीसगढ़ में नक्‍सलियों के खिलाफ सुरक्षा बल का अभियान लगातार जारी है। इस अभियान के तहत एक दिन पहले बुधवार को सुरक्षा बल ने छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के सीमावर्ती क्षेत्र में मुठभेड़ में 12 नक्सलियों को मार गिराया है। इस मुठभेड़ में दो जवान सतीश पाटिल, शंकर पोटावी घायल हुए हैं।

घटना महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के जारावंडी थाना क्षेत्र के छिंदवेट्टी इलाके की है। मुठभेड़ करीब छह घंटे तक चली। घटना स्थल से एके47 सहित सात स्वचालित हथियार बरामद हुए। घायल जवानों को नागपुर में भर्ती कराया गया है। वे खतरे से बाहर हैं।

कई हथियार हुए बरामद

गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने बताया कि बुधवार सुबह लगभग 10 बजे नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर अभियान शुरू किया गया। इसमें सी-60 कमांडो टीमों को वंडोली गांव में छत्तीसगढ़ सीमा के पास भेजा गया। नदी-नालों को पार कर जवान वहां पहुंचे तो नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। छह घंटे तक चली मुठभेड़ में 12 नक्सलियों को ढेर कर दिया गया

घटनास्थल से तीन एके47, दो इंसास राइफल, एक एसएलआर सहित सात स्वचलित हथियार बरामद किए गए हैं। मारे गए नक्सलियों में टिपागड़ दलम के प्रभारी डीवीसीएम लक्ष्मण अत्राम उर्फ विशाल अत्राम की पहचान की गई है। अन्य नक्सलियों की पहचान और इलाके की सर्चिंग जारी है

महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री व गृहमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने सफल अभियान के लिए सी-60 कमांडो और गढ़चिरौली पुलिस के लिए 51 लाख रुपये का नकद इनाम घोषित किया है। गढ़चिरौली में इससे पहले 19 मार्च को चार और 13 मई को तीन नक्सलियों को मारा गया था।

Related Articles

Back to top button