छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

राहुल-बैज के बयान पर भाजपाइयों का फूटा गुस्सा:भाजयुमो ने फूंका पुतला, शहर विधायक अमर बोले- लगातार चुनावी हार से कांग्रेस नेताओं में हताशा

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बयान को लेकर भाजपा आक्रोशित है। बिलासपुर में शुक्रवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा ने पुराना बस स्टैंड स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया।

भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और दीपक बैज का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर शहर विधायक अमर अग्रवाल ने राहुल गांधी के बयान को हताशा और संकुचित मानसिकता का प्रतीक बताया।

उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी पराजय के कारण कांग्रेस नेताओं की भाषा और व्यवहार में निराशा साफ दिखाई दे रही है। भाजयुमो जिलाध्यक्ष वैभव गुप्ता ने राहुल गांधी और दीपक बैज के बयान की कड़ी निंदा की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आतंकवाद और नक्सलवाद जैसी चुनौतियों का मजबूती से सामना किया है और भारत विश्व मंच पर एक मजबूत और निर्णायक शक्ति बनकर उभरा है

प्रदर्शन में इनकी रही मौजूदगी

इस प्रदर्शन में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, महापौर पूजा विधानी, सभापति विनोद सोनी, अजीत सिंह भोगल, मनीष अग्रवाल, महेश चंद्रिकापुरे, चंद्रप्रकाश मिश्रा, गौरी गुप्ता, मोनू रजक समेत बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान चौक पर काफी देर तक भाजपा कार्यकर्ताओं की नारेबाजी और प्रदर्शन चलता रहा।

भाजपा ग्रामीण ने भी जलाया पुतला

भाजपा ग्रामीण ने भी राहुल गांधी और दीपक बैज का पुतला दहन किया। जिलाध्यक्ष ग्रामीण मोहित जायसवाल ने कांग्रेस के बयान को अराजक मानसिकता का परिचायक बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति में मर्यादा और सामाजिक सद्भाव का विशेष महत्व है, लेकिन राहुल गांधी का बयान इन मूल्यों के विपरीत है।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष ऋषभ चतुर्वेदी ने कहा कि, लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी न केवल निंदनीय है, बल्कि देशवासियों की भावनाओं का भी अपमान है। इस प्रदर्शन में महामंत्री यश मनहर, चंद्रप्रकाश सूर्या, तुषार चंद्राकर समेत बड़ी संख्या में भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Related Articles

Back to top button