भिलाई में भाजपा नेता के भाई को बंदूक के बट से पीटा, दो कॉन्स्टेबल लाइन अटैच

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
भिलाई। छावनी थाना क्षेत्र के पावर हाउस रेलवे स्टेशन के पास पुलिस की कथित दबंगई का मामला सामने आया है। यहां एक युवक के साथ बदसुलूकी और मारपीट करने का आरोप दो आरक्षकों पर लगा है। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।

पीड़ित युवक नागेश साहू भाजपा नेता आनंद साहू का छोटा भाई बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी विजय अग्रवाल ने तत्काल संज्ञान लेते हुए दोनों आरक्षकों को लाइन अटैच कर दिया है और मामले की जांच डीएसपी लाइन को सौंप दी है।
व्यापारिक काम से भिलाई आया था
जानकारी के अनुसार 12 मार्च की रात नागेश साहू अपने व्यापारिक काम से भिलाई आया था। वह पावर हाउस रेलवे स्टेशन के पास अपने साथियों के साथ खड़ा था। इसी दौरान छावनी थाने में पदस्थ दो आरक्षक लव पांडेय और राकेश चौधरी पहुंचे और लोगों को वहां से हटाने लगे।
बंदूक को उल्टा कर उसके बट से मारा
बताया जा रहा है कि पुलिस को देखते ही अधिकांश लोग वहां से चले गए, लेकिन नागेश और उनके कुछ साथी खड़े रहे। आरोप है कि इसी बात से नाराज आरक्षक राकेश चौधरी ने बंदूक को उल्टा कर उसके बट से नागेश को मारा और कॉलर पकड़कर पीछे धकेल दिया।
भाजपा नेता ने लगाए गंभीर आरोप
नागेश के बड़े भाई आनंद साहू ने आरोप लगाया कि उस समय पुलिसकर्मी नशे की हालत में थे और उनके शर्ट के बटन भी खुले हुए थे। मामले में दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि राजनांदगांव में उनका ढाबा है, जिसका संचालन उनका भाई नागेश भी करता है।
भिलाई में पहले काम करने वाले एक कर्मचारी का कुछ एडवांस पैसा बाकी था, उसी भुगतान को लेने के लिए नागेश भिलाई आया था।



