छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

लोकसभा चुनाव-प्रचार में भूपेश की 40 सभाएं…..खड़गे, राहुल और प्रियंका की सिर्फ 6, महासमुंद नहीं पहुंचे बड़े नेता

सच तक इंडिया रायपुर छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने सबसे अधिक 3 जनसभाओं को संबोधित किया। वहीं राहुल गांधी 2 और मल्लिकाअर्जुन खड़गे ने 1 चुनावी सभा को संबोधित किया। इसके अलावा गर स्थानीय नेताओं की बात करें तो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सबसे ज्यादा चुनावी सभाएं और रोड शो करते नजर आए।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पूर्व मुख्यमंत्री इस बार खुद लोकसभा के चुनावी मैदान में हैं, उन्हें पार्टी ने राजनांदगांव लोकसभा सीट से टिकट दिया है। इस सीट पर दूसरे चरण में चुनाव हुए। भूपेश बघेल ने तीसरे चरण की सात सीटों में 40 से अधिक सभा समेत रोड-शो किया। वहीं पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज भी लगभग सीटों में प्रचार के लिए पहुंचे।

कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने छत्तीसगढ़ में एक सभा जांजगीर में की थी। पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी केवल दो सीट बस्तर और बिलासपुर में ही सभा लेने पहुंचे थे। वहीं प्रियंका ने राजनांदगाव, कांकेर और कोरबा लोकसभा सीट में चुनावी सभा को संबोधित किया।

प्रभारी महासचिव सचिन पायलट जरूर राष्ट्रीय स्टार प्रचारकों की सभी सभाओं में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने तीसरे चरण में कमान संभाली। उन्होंने पांच संसदीय सीट रायगढ़, कोरबा, बिलासपुर, रायपुर और सरगुजा में 8 जनसभाओं को संबोधित किया। इनमें सरगुजा में सबसे ज्यादा चार सभाएं लीं। वहीं बिलासपुर में एक आमसभा के साथ रोड शो भी किया।

महासमुंद लोकसभा सीट से पूर्व गृहमंत्री और साहू समाज के बड़े नेता माने जाने वाले ताम्रध्वज साहू को पार्टी ने यहां से टिकट दिया हो, लेकिन इस सीट पर एक भी राष्ट्रीय नेता की सभा नहीं हुई। पहले चरण में बस्तर में राहुल गांधी की एक सभा हुई। इसके बाद वे तीसरे चरण के लिए बिलासपुर में सभा के लिए पहुंचे। तीसरे चरण में ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जांजगीर लोकसभा में एक आमसभा ली। महासचिव प्रियंका गांधी ने दूसरे चरण में कांकेर और राजनांदगांव के अलावा तीसरे चरण में कोरबा संसदीय क्षेत्र में जनसभाएं कीं।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तीसरे चरण में ही 40 से अधिक छोटी और बड़ी सभाएं कर मोर्चा संभाला। इस मामले में उन्होंने पार्टी में सभी स्टार प्रचारकों को पीछे छोड़ दिया। उन्होंने सबसे अधिक दुर्ग लोकसभा क्षेत्र में सभाएं लीं। चुनाव प्रचार अभियान के तहत वे अंतिम चरण की सभी सातों सीटों में पहुंचे। इसके अलावा राष्ट्रीय नेताओं की सभा और नामांकन रैलियों को भी संबोधित किया।

पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने नामांकन रैलियों और राष्ट्रीय नेताओं की सभाओं में शामिल होने के अलावा करीब 22 छोटी-बड़ी सभाएं ली। पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू ने दुर्ग में 4 और बिलासपुर में 1, कवासी लखमा और मोहन मरकाम ने सरगुजा में संयुक्त 4 सभाएं लीं।

Related Articles

Back to top button