प्रमुख खबरेंमध्यप्रदेश एवं बुंदेलखंड

मध्य प्रदेश के झाबुआ, आलीराजपुर, बड़वानी, खंडवा और धार जिले में भगोरिया उत्सव की शुरुआत हो गई है, जो होली तक जारी रहेगी

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

झाबुआ। मंगलवार को जिले का सबसे बड़ा सांस्कृतिक पर्व भगोरिया आरंभ हो गया है। पहले दिन पिटोल, खरडूबड़ी ,थांदला, तारखेडी, बरवेट और अंधरवाड में भगोरिए मेले आयोजित हुए। इन मेलों में उत्साह से ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।

ढोल – मांदल की थाप के बीच भगोरिया आनंद उत्सव में हर कोई प्रफुल्लित नजर आया। प्रशासन की तरफ से मेलों में सुरक्षा की व्यापक व्यवस्थाएं की गई थी। यह वार्षिक पर्व लगातार दो मार्च तक चलेगा। जिले में कुल 35 भगोरिया मेले लगेंगे।

आज यहां लगेगा

आज 25 फरवरी बुधवार को उमरकोट, माछलिया,करवड़, बोडायता, कल्याणपुरा, मदरानी और ढेकल में भगोरिया मेलों का आयोजन होगा।

कलेक्टर ने जैकेट भेंट की

भगोरिया मेलों के मद्देनजर कलेक्टर नेहा मीना द्वारा जिला मुख्यालय पर सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स को जैकेट भेंट की गईं। कलेक्टर ने झाबुआ तहसील के 20 वॉलंटियर्स को स्वयं यूनिफॉर्म जैकेट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिधान नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन और जिम्मेदारी का प्रतीक है। इसे धारण करते समय प्रत्येक वॉलंटियर को अपने कर्तव्यों का गंभीरता से पालन करना होगा।

120 का चयन किया

झाबुआ जिले की समस्त तहसील में 120 नए सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स का चयन किया गया है। ये सभी वॉलंटियर्स भगोरिया हाट बाजार एवं होली पर्व के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, आपात स्थिति में प्राथमिक सहायता, लापता बच्चों व व्यक्तियों की सहायता तथा प्रशासनिक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण दायित्व निभाएंगे। साथ ही किसी भी आकस्मिक आपदा, प्राकृतिक संकट अथवा आपातकालीन स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रशिक्षित एवं तत्पर रहेंगे।

कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान समय में भगोरिया हाट का सुव्यवस्थित प्रबंधन सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के लोग एकत्रित होते हैं, ऐसे में व्यवस्था बनाए रखने में सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स की महती भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि आप सभी को जिम्मेदारी, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना है, ताकि पर्व शांति, सौहार्द और सुरक्षा के साथ संपन्न हो।

मेले में गुम हुआ बच्चा खोजा

पुलिस ने मंगलवार को अंधारवड़ के भगोरिया में अपने परिजनों से बिछड़कर गुम हुए चार वर्षीय बालक को उसके परिजनों से पुनः मिलवाया । बच्चे के वापस मिलने से परिजन और बालक के चेहरे पर मुस्कान लौट आई।

Related Articles

Back to top button