विश्वकप जीत के पीछे छिपा दर्द: फाइनल से एक दिन पहले बहन की मौत, फिर भी भारत को जिताने उतरे ईशान; पढ़ें कहानी


भारत की टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऐतिहासिक जीत कई मायनों में खास रही। अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। हालांकि इस जीत के बीच एक बेहद भावुक कहानी भी सामने आई। भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने खुलासा किया कि फाइनल से ठीक एक दिन पहले उनकी चचेरी बहन की कार हादसे में मौत हो गई थी। इसके बावजूद उन्होंने मैदान पर उतरकर खेला और भारत की जीत को अपनी दिवंगत बहन को समर्पित कर दिया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया भावुक खुलासा
फाइनल के बाद अहमदाबाद में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में ईशान किशन ने इस दुखद घटना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि बहन की मौत के बाद भी उन्होंने टीम के लिए खेलने का फैसला किया। ईशान किशन ने कहा, ‘ईमानदारी से कहूं तो मैच से पहले ही मेरी बहन की कार एक्सीडेंट में मौत हो गई थी। मैंने यह मैच उसी के लिए खेला। मैंने हार्दिक भाई से बात की थी, उन्होंने कहा कि टीम को सबसे ऊपर रखो। मैं यह जीत उसे समर्पित करता हूं और आज (रविवार को) महिला दिवस भी है, इसलिए यह पल और भी खास हो गया है।’



