बिग ब्रेकिंग : बालोद में अलग-अलग फंदों पर लटके थे शव 2 बच्चों संग फांसी पर लटकी मिली माँ
बच्चों की हत्या के बाद खुदकुशी की आशंका

सच तक इंडिया रायपुर छत्तीसगढ़ के बालोद में शुक्रवार को महिला और उसके दो बच्चों के शव घर में ही फांसी पर लटके हुए मिले हैं।दोनों भाई-बहन के शव एक ही फंदे से लटके मिले , जबकि मां का शव दूसरे फंदे से लटका था। आशंका है कि महिला ने अपने दोनों बच्चों की हत्या के बाद खुदकुशी की है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुर क्षेत्र के कोचरा गांव निवासी तुमेश्वर साहू मिस्त्री का काम करता है। वह रोज की तरह शुक्रवार को भी अपने काम पर गया था। घर में उसकी पत्नी हेमलता साहू (28) और उसकी 2 साल की बेटी और 4 साल का बेटा थे। बेटा प्राइवेट स्कूल में पढ़ता था। बताया जा रहा है कि जब शाम को तुमेश्वर घर लौटा तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने पर भी जब दरवाजा नहीं खुला तो वह दीवार फांदकर अंदर गया। खिड़की से देखा तो अंदर कमरे में उसकी पत्नी और बच्चों के शव फंदे से लटके थे।
जैसे ही पता चलने पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। उसने तीनों शवों को नीचे उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने बताया कि कमरे में एक हुक पर साड़ी से महिला और दूसरे हुक पर बच्चों के शव फांसी पर लटके हुए थे।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार में लड़ाई झगड़े की बात तो नहीं थी, लेकिन दो बच्चों के साथ हेमलता साहू ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया इससे वे हैरान हैं। वहीं मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं पति भी सदमे में है। परिवार में गमगीन माहौल है।