छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता दीपक ने कांग्रेस और भूपेश बघेल पर लगाए कई गंभीर आरोप, की स्पष्टीकरण की मांग

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाले और प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं और स्पष्टीकरण की मांग की है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता दीपक ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल (बिट्टू बघेल) की वि_ल ग्रीन नामक संपत्ति का भौतिक कब्जा लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह संपत्ति शराब घोटाले से अर्जित अवैध आय को व्यवसाय में लगाकर बनाई गई थी। दीपक ने कांग्रेस से सवाल किया कि इस पूरे शराब घोटाले में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उनके परिवार, तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा, राजीव भवन में पदस्थ पदाधिकारियों और अन्य नेताओं की क्या संलिप्तता पर कांग्रेस को जवाब देना चाहिए। दीपक ने कहा कि ईडी द्वारा चैतन्य बघेल को इस घोटाले का मुख्य सरगना (किंगपिन) बताया गया है, जो पूरे पैसों के लेन-देन और हिसाब-किताब का काम सम्भालता था।

दीपक ने छत्तीसगढ़ दौरे पर आए कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत से आग्रह किया कि वे आगे आएँ और एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर छत्तीसगढ़ की जनता को इस विषय पर अवगत करायें । कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि पिछली सरकार के 5 साल के कार्यकाल में हुए कथित घोटालों में से एक इस शराब घोटाले में पार्टी की क्या भूमिका रही है? श्री दीपक ने आरोप लगाया कि एक सिंडिकेट ने सरकार प्रायोजित तरीके से सरकारी दुकानों के माध्यम से निजी शराब बेचकर लगभग 3,000 से 3,200 करोड़ रुपये का घोटाला किया और जनता को धोखा दिया। दीपक ने सवाल उठाया कि इस घोटाले का पैसा कहाँ गया? क्या यह 10 जनपथ (गांधी परिवार) तक पहुँचा, चुनावों में खर्च हुआ, राजीव भवन आया या किसी रियल एस्टेट प्रोजेक्ट में निवेश किया गया?

उन्होंने यह स्पष्ट करने की मांग की कि इस मामले में जिन नेताओं और पदाधिकारियों पर आरोप लगे हैं, क्या कांग्रेस पार्टी ने उन पर कोई कार्रवाई की है या किसी को पद से निष्कासित किया है? यदि कोई कार्रवाई नहीं हुई है, तो इसके पीछे क्या कारण है? क्या पार्टी पर ऊपर से या गांधी परिवार का कोई दबाव है? भाजपा इन सभी सवालों का जवाब कांग्रेस से मांग रही है ताकि छत्तीसगढ़ की जनता के सामने सच्चाई आ सके।

Related Articles

Back to top button