आरआई पद पर पदोन्नति के लिए आयोजित विभागीय परीक्षा पेपर लीक के आरोपित 23 तक पुलिस रिमांड में

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पटवारी से राजस्व निरीक्षक (आरआई) पद पर पदोन्नति के लिए आयोजित विभागीय परीक्षा-2024 के प्रश्नपत्र लीक मामले में भिंड जिले के दो सगे भाइयों को ईओडब्ल्यू ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 41 वर्षीय अरविंद जाटव और 35 वर्षीय वीर सिंह जाटव के रूप में हुई है। दोनों मप्र के भिंड जिले के ऊमरी थाना क्षेत्र के ग्राम घना की गडिय़ा के निवासी हैं। सोमवार को ईओडब्ल्यू की टीम दोनों को रायपुर लेकर पहुंची और विशेष न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें 23 नवंबर तक आठ दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
जांच एजेंसी के मुताबिक दोनों आरोपियों पर परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक कर अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराने और इसके बदले मोटी रकम वसूलने का आरोप है। ईओडब्ल्यू-एसीबी की जांच में सामने आया है कि दोनों ने प्रश्नपत्र मुद्रण समिति से जुड़े सहआरोपित वीरेंद्र जाटव के साथ मिलकर कथित तौर पर आपराधिक षड्यंत्र रचा था। आरोप है कि परीक्षा की गोपनीयता भंग कर प्रश्नपत्र पहले ही अभ्यर्थियों तक पहुंचाया गया। लीक प्रश्नपत्र से तैयारी कराने के लिए स्थान भी उपलब्ध कराया गया था।



