छग में 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक 20 रूट्स पर भाजयुमो निकालेगा 20 दिवसीय जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा – वी.डी. शर्मा

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस (17 सितंबर) से लेकर सरकार प्रमुख के रूप में उनके संवैधानिक दायित्व के 25 वर्ष पूर्ण होने (7 अक्टूबर) तक 20 दिवसीय जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा आयोजित की जाएगी। यह यात्रा प्रधानमंत्री के जन्मस्थान वडनगर (गुजरात) से लेकर उनकी कर्मभूमि काशी (वाराणसी) के बीच निकाली जाएगी। बुधवार को यहाँ कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए भारतीय जनता पार्टी प्रकोष्ठ संकुल के राष्ट्रीय संयोजक एवं सांसद वी.डी. शर्मा ने पार्टी के राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाली जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा की विस्तृत रूपरेखा साझा कर रहे थे।शर्मा ने बताया कि यात्रा का नेतृत्व मुख्य रूप से भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता करेंगे। रूट्स और समूह विभाजन की जानकारी देते हुए शर्मा ने बताया कि 10 ग्रुप वडनगर से काशी की ओर प्रस्थान करेंगे और 10 ग्रुप काशी से वडनगर की ओर निकलेंगे। इस प्रकार कुल 20 अलग-अलग रूट्स पर यात्रा संचालित होगी। प्रत्येक रूट पर 25 युवा यात्री आगे-आगे चलेंगे; साथ ही, 50 युवा बाइक पर जल कलश लेकर साथ चलेंगे। यात्रा के शुभारंभ पर पवित्र नदियों के जल से वडनगर स्थित हाटकेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया जाएगा। इसी तरह काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग पर भी नदियों के पवित्र जल से अभिषेक होगा।
शर्मा ने कहा कि यह मात्र एक यात्रा नहीं, बल्कि समाज सेवा और जनभागीदारी का एक महाअभियान है। 20 दिनों की इस अवधि में प्रतिदिन विभिन्न गतिविधियाँ संचालित की जाएंगीं जिसके तहत यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ावों पर सघन पौधारोपण और स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे। समाज के विभिन्न वर्गों, विशिष्ट प्रतिभाओं (खेल, कला, संस्कृति, सामाजिक कार्य) और केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। श्री शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए जनसेवक के ऐतिहासिक 25 मील के पत्थरों (कार्यों) को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा। श्री शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा के समस्त कार्यकर्ता व पदाधिकारी मिलकर इस यात्रा को ऐतिहासिक बनाएंगे। श्री शर्मा ने मीडिया प्रतिनिधियों से भी इस लोक-कल्याणकारी अभियान की जानकारी व्यापक रूप से जनता तक पहुँचाने का आह्वान किया।



