शिक्षा के साथ समाजसेवा में भी सक्रिय योगदान के लिए डॉ. लहरी को इनर व्हील क्लब ने किया सम्मानित


रायपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ रायपुर मिडटाउन द्वारा शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. रात्रि लहरी का सम्मान किया गया। डॉ. रात्रि लहरी गुरुकुल महाविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। इसके साथ ही वे राष्ट्रीय सेवा योजना की जिला संगठक के रूप में भी महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वहन कर रही हैं। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता, जनसेवा और समाजहित से जुड़े कार्यों में उनकी सक्रिय सहभागिता उन्हें एक समर्पित शिक्षिका एवं संवेदनशील सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में विशिष्ट पहचान दिलाती है।शिक्षा और समाजसेवा के प्रति उनके समर्पण तथा उल्लेखनीय योगदान को सम्मान देते हुए क्लब की ओर से उन्हें यह विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि एक शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वह समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। डॉ. लहरी इसी भावना को अपने कार्यों के माध्यम से सार्थक कर रही हैं। कार्यक्रम में इनर व्हील क्लब ऑफ रायपुर मिडटाउन की अध्यक्ष श्रद्धा नायक सहित सांत्वना धागट, मंजूषा श्रीमाल, नीलम कासलीवाल, हेमलता वर्मा, प्रमोद, अनीता वाढेर, संगीता सरावगी एवं नीरा गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहीं।



