रायपुर में आज फूटेगी 15 लाख की दही-हांडी:फेमस सिंगर बी-प्राक और लखबीर सिंह लक्खा करेंगे परफॉर्म, MH-MP से भी आई गोविंदा टोली


गुढ़ियारी भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के मौके पर आज रायपुर के गुढ़ियारी में विशाल दही हांडी उत्सव का आयोजन होगा। सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति और श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के सहयोग से होने वाला यह कार्यक्रम अवधपुरी मैदान, श्रीनगर रोड पर शाम 4 बजे से शुरू होगा।
यह आयोजन का 16वां साल है। कार्यक्रम में दही हांडी प्रतियोगिता के साथ कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
दही हांडी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के साथ महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, झारखंड और ओडिशा समेत कई राज्यों की गोविंदा टोलियां हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता जीतने वाली टीम को 15 लाख रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। बाकी टीमों को भी समिति की ओर से सांत्वना राशि दी जाएगी। समिति के मुताबिक, अब तक रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव समेत अलग-अलग क्षेत्रों की करीब 26 से ज्यादा पुरुष और महिला गोविंदा टोलियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के भंडारा, इंदौर और जबलपुर से भी टीमें प्रतियोगिता में शामिल होने आएंगी। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए कोई शुल्क नहीं है।

बी प्राक और लखबीर सिंह लक्खा देंगे प्रस्तुति
आज दही हांडी उत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। कार्यक्रम में गायक बी प्राक, भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा और छत्तीसगढ़ की लोक गायिका गरिमा स्वर्णा दिवाकर प्रस्तुति देंगी। आयोजकों का कहना है कि धार्मिक कार्यक्रम के साथ होने वाले ये संगीत कार्यक्रम युवाओं और श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण रहेंगे।
तीन तरह की दही हांडी प्रतियोगिता
उत्सव में पुरुष दही हांडी, महिला दही हांडी और ग्रीस लगे खंभे की दही हांडी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। अलग-अलग राज्यों से आने वाली गोविंदा टोलियां दही हांडी फोड़ने के लिए टीमवर्क और कौशल का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों के लिए तय सुरक्षा नियमों का पालन करना जरूरी होगा।
पुलिस, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और प्रतिभागियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल पर सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। समिति की ओर से प्रशासन के सहयोग से पुलिस व्यवस्था, प्राथमिक उपचार केंद्र और एंबुलेंस की सुविधा रखने की बात कही गई है।श्रद्धालुओं के बैठने की भी व्यवस्था की जाएगी। समिति ने गोविंदा टोलियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
समिति ने श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील की
संयोजक बसंत अग्रवाल और सह-संयोजक हेमेन्द्र साहू ने बताया कि आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने रायपुरवासियों, कृष्ण भक्तों और युवाओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। वार्ता के दौरान पुष्पेंद्र उपाध्याय, दीनानाथ शर्मा, घनश्याम पारीक, आजाद गुर्जर, रमेश बंसल, शंकर बरवा, प्रकाश माहेश्वरी, पुरुषोत्तम देवांगन, संजय अग्रवाल, घनश्याम शर्मा, श्रवण शर्मा, दीपक राम और भगत अग्रवाल मौजूद रहे।



