भूपेश बोले- चैतन्य को अमित शाह ने बना दिया नेता:पाटन में जन्मदिन पर ED कार्रवाई, माताओं और आजादी की लड़ाई का किया जिक्र

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
छत्तीसगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का भाषण सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे चैतन्य बघेल के खिलाफ हुई ED की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहते हैं, “हमारे यहां उन्होंने ईडी भेज दिया। मैंने तो चैतन्य को नेता नहीं बनाया, लेकिन अमित शाह ने इसे नेता बना दिया है।” दरअसल, भूपेश बघेल ने अपने जन्मदिन के अवसर पर पाटन में आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक जुटे थे। इस दौरान उन्होंने अपने पुराने अंदाज में पाटन की मिट्टी, यहां की माताओं और आजादी की लड़ाई का जिक्र करते हुए अपने बेटे चैतन्य बघेल का भी उल्लेख किया।
एक कार्रवाई से बदली चैतन्य की पहचान
चैतन्य बघेल सक्रिय राजनीति से दूर रहे हैं। हालांकि, उनके खिलाफ हुई ईडी की कार्रवाई और गिरफ्तारी के बाद वे लगातार चर्चा में रहे। जुलाई 2025 में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में चैतन्य बघेल को गिरफ्तार किया था। इसके बाद मामले में अदालत में सुनवाई भी चली। भूपेश बघेल अब इसी घटनाक्रम को राजनीतिक अंदाज में अमित शाह से जोड़कर पेश कर रहे हैं। पाटन के मंच से दिया गया उनका बयान केवल बेटे के बचाव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने इसे राजनीतिक संघर्ष के तौर पर भी सामने रखा।
पाटन की मिट्टी को बताया देश के लिए संघर्ष करने वाली
भूपेश बघेल ने अपने भाषण में पाटन को सिर्फ अपना राजनीतिक क्षेत्र नहीं, बल्कि देश के लिए संघर्ष करने वाले लोगों की धरती बताया। उन्होंने कहा कि पाटन की माताओं ने ऐसे वीरों को जन्म दिया, जिन्होंने देश की आजादी की लड़ाई में अपना योगदान दिया।


