Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मुरैना। मध्य प्रदेश बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में मंगलवार को दो साल्वर अरुण सिंह फतेहाबाद आगरा और राजू सिंह मलबसई मुरैना को पेपर देते पकड़ा गया है। इन्हें पांच-पांच हजार रुपये के भाड़े पर बुलाया गया था। सांदीपनि हायर सेकंडरी स्कूल अंबाह सेंटर के केंद्राध्यक्ष ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने परीक्षा अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज किया है। वहीं अंबाह के शांति निकेतन हायर सेकंडरी स्कूल में भी एक परीक्षार्थी को नकल करते पकड़ा है। दरअसल मंगलवार को माध्यमिक शिक्षा मंडल ने हाईस्कूल के गणित विषय की परीक्षा ली।
फोटो मिलान में खुली पोल, आईडी पेश नहीं कर पाए आरोपी
अंबाह के सांदीपनि हायर सेकंडरी स्कूल परीक्षा केंद्र पर इम्तिहान देने के लिए अजय सिंह पुत्र जाहर सिंह नामक परीक्षार्थी को पहुंचना था, लेकिन उसने फतेहाबाद आगरा के साल्वर अरुण सिंह पुत्र मदन सिंह को अपना प्रवेश-पत्र देकर भेज दिया। पर्यवेक्षक ने रासा में दर्ज फोटो से अरुण के प्रवेश-पत्र पर लगे फोटो से मिलान किया तो मैच नहीं हुए। अरुण से आइडी मांगी तो वह अजय नाम की कोई फोटो आइडी पेश नहीं कर पाया। इसी केंद्र में कमोवेश ऐसी ही स्थिति अंश चौहान पुत्र सुरजीत सिंह का प्रवेश-पत्र चेक करने पर सामने आई। अंश की जगह मलबसई जिला मुरैना निवासी राजू सिंह पुत्र जगदीश सिंह पेपर देते पाया गया।
कड़ाई से पूछताछ में कबूला सच, नकलची परीक्षार्थी भी धराया
राजू सिंह के पास भी अंश के नाम व फोटो जैसी कोई आइडी नहीं थी। दोनों फर्जी परीक्षार्थियों से केंद्राध्यक्ष उत्तम सिंह सोनी ने कड़ाई से पूछताछ की तो हकीकत बयां कर दी। कहा कि पेपर देने के बदले उन्हें पांच-पांच हजार रुपये देने का वादा किया गया है। इधर अंबाह के शांति निकेतन हायर सेकंडरी स्कूल परीक्षा केंद्र पर पर्यवेक्षक ने रोल नंबर 161143473 को पर्ची से नकल करते पकड़ा। तीनों परीक्षार्थियों के केस बनाकर बोर्ड को भी भेज दिए हैं।