Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
भोपाल। बगैर ताला तोड़े अलमारी में रखे लाखों के जेवर और नकदी चुराने की घटना का निशातपुरा पुलिस ने खुलासा कर लिया है। जिस महिला के घर से करीब दस लाख रुपये की चोरी हुई थी, चोर उसी का नाती निकला। आरोपित इंदौर से भोपाल खेल प्रतियोगिता में भाग लेने आया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और उसके पास से चोरी के जेवर और नकदी भी जब्त की है।

पुलिस का क्या कहना है
पुलिस के अनुसार करोंद स्थित राजनगर निवासी 50 वर्षीय संगीता मालवीय ने घर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 22 जनवरी को उन्होंने अलमारी में सोने के जेवर और नकदी रखी थी। 25 जनवरी को रुपये निकालने के लिए अलमारी खोली तो उसमें रखे 20 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर गायब मिले।
मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की और संदेह के तौर पर महिला के नाती पुष्कर बाथरे को पूछताछ के लिए बुलाया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि घर में ठहरने के दौरान अलमारी में लगी चाबी देखकर उसकी नीयत डोल गई थी।
चोरी किया गया सामान बरामद
पुलिस ने आरोपित से चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया है। आरोपित पुष्कर बाथरे इंदौर के एयरपोर्ट रोड क्षेत्र में रहता है। वह निजी कॉलेज से बीबीए की पढ़ाई कर रहा है। वह जंपिंग का खिलाड़ी है और खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए अक्सर भोपाल आता रहता है। भोपाल में वह अपनी नानी के घर पर ठहरता था।