छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

प्रदेश में ‘मोंथा’ का असर अब भी जारी, उत्तर छत्तीसगढ़ में हल्की बारिश के आसार

छत्तीसगढ़ में मोंथा चक्रवात का असर अब भी बरकरार है। मौसम विभाग की माने तो उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में शनिवार को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं प्रदेश के अन्य इलाकों में बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही तापमान में गिरावट भी होगी।

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

 रायपुर: चक्रवात ‘मोंथा’ का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। इसका अवशेष अब उत्तर-पश्चिम झारखंड और उसके आसपास सुस्पष्ट निम्न दाब के क्षेत्र के रूप में सक्रिय है। मौसम विभाग के अनुसार, यह प्रणाली अगले 12 घंटों में बिहार होते हुए उत्तर-उत्तर-पूर्व दिशा की ओर बढ़ेगी और धीरे-धीरे कमजोर होकर सामान्य निम्न दाब के क्षेत्र में तब्दील हो जाएगी। इसके असर से छत्तीसगढ़ में शनिवार को एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई गई है।मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का क्षेत्र मुख्यतः उत्तर छत्तीसगढ़ में केंद्रित रहेगा। कोरिया, बलरामपुर, सूरजपुर, सरगुजा और जशपुर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, केंद्रीय और दक्षिणी इलाकों में बादल तो रहेंगे लेकिन बारिश की संभावना कम है। दो दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में थोड़ी गिरावट होने का अनुमान है, जिससे रातें फिर ठंडी होने लगेंगी।
ऐसा रहा राजधानी का मौसम:
शुक्रवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री दर्ज हुआ जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक है। दिनभर बादल छाए रहे और आर्द्रता का स्तर 90 प्रतिशत तक पहुंचा। हल्की बूंदाबांदी के बीच हवाएं दक्षिण-पूर्व दिशा से औसतन 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं।

कई जगहों पर हुई हल्की से मध्यम बारिश
प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्ररोड और दुर्ग में दर्ज हुआ। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। साल्हेवारा में सर्वाधिक 80 मिमी, सूरजपुर, सोनहत में 60 मिमी, चांबी, सामरी, कुसमी, रामानुजगंज में 50 मिमी, बलरामपुर, भैयाथान में 40 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
अगले दो दिन ऐसा रहेगा मौसम
एक नवंबर को एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ेंगे। दो नवंबर से मौसम में सुधार, बादलों में कमी, न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। तीन नवंबर से रातें ठंडी और सुबह के समय हल्की धुंध की संभावना है।

Related Articles

Back to top button