रायपुर के मैग्नेटो मॉल में क्रिसमस सजावट को लेकर हुई तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रायपुर। राजधानी रायपुर के मैग्नेटो मॉल में क्रिसमस सजावट को लेकर हुई तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। इस कार्रवाई के विरोध में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सामूहिक गिरफ्तारी देने का ऐलान किया है। बजरंग दल के कार्यकर्ता कुछ ही देर में सिविल लाइन थाना पहुंचकर गिरफ्तारी देंगे। इसे देखते हुए सिविल लाइन थाने की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

मैग्नेटो मॉल में क्रिसमस को लेकर तोड़फोड़
घटना 24 दिसंबर की बताई जा रही है, जब मैग्नेटो मॉल में क्रिसमस को लेकर की गई सजावट पर कुछ युवकों ने आपत्ति जताते हुए तोड़फोड़ की थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ने लगा। वीडियो सामने आने के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक एक आरोपी नाबालिग है, जिसे बाल न्याय अधिनियम के तहत विधि से संघर्षरत बालक के रूप में निरुद्ध किया गया है। मामले में अन्य आरोपियों से पूछताछ जारी है।
बजरंग दल का विरोध
इधर, बजरंग दल ने पुलिस कार्रवाई को लेकर नाराजगी जाहिर की है। संगठन का कहना है कि यह कार्रवाई पक्षपातपूर्ण है। इसी के विरोध में बजरंग दल के कार्यकर्ता सिविल लाइन थाना पहुंचकर स्वेच्छा से गिरफ्तारी देने की तैयारी में हैं। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए थाना परिसर और आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।



