छत्तीसगढ़प्रमुख खबरेंमध्यप्रदेश एवं बुंदेलखंड

भाजपा नेता प्रभात झा का निधन, पार्टी में शोक, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत ने दी श्रद्धांजलि

सच तक इंडिया रायपुर। मध्य प्रदेश बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष प्रभात झा का निधन हो गया है। उन्होंने शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में आखिरी सांस ली। वे काफी समय से बीमार थे। प्रभात झा को न्यूरोलॉजिकल परेशानियों के चलते करीब एक महीने पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन उनकी तबियत लगातार बिगड़ती ही गई।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

प्रभात झा के बेटे अयत्न ने उनकी निधन की पुष्टि कि है। उनका अंतिम संस्कार ग्वालियर या उनके पैतृक गांव कोरियाही, सीतामढ़ी (बिहार) में होगा।

प्रभात झा की जब तबियत बिगड़ी तब वे भोपाल में ही थे। उन्हें भोपाल के बंसल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन तबीयत ज्यादा खराब होने के चलते उन्हें भोपाल से दिल्ली एयरलिफ्ट किया गया। गरीब चार हफ्ते से वे गुरुग्राम स्थित मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती थे।

प्रभात झा मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे। उनका जन्म 4 जून 1957 को बिहार के दरभंगा के हरिहरपुर गांव में हुआ था। वे परिवार के साथ मध्यप्रदेश के ग्वालियर आ गए थे। प्रारंभिक जीवन में वह स्वदेश अखबार के पत्रकार थे। बाद में राजनीति से जुड़े। वह बीजेपी के मुखपत्र कमल संदेश के संपादक भी रहे।

भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि पूर्व राज्यसभा सांसद श्रद्धेय प्रभात झा के निधन के समाचार से मन अत्यंत दुःखी हैं। श्रद्धेय प्रभात जी का सम्पूर्ण जीवन संगठन के कार्यो एवं समाज सेवा हेतु समर्पित रहा, उनका निधन भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति हैं।

भाजपा विधायक राजेश मूणत ने कहा कि आदरणीय प्रभात झा जी राष्ट्रसेवा में आजीवन समर्पित रहे. मुझे भी उनके नेतृत्व में काम करने का, सीखने का अवसर मिला, ऐसे कर्मठ व्यक्तित्व को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।परम् पिता परमेश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे एवं शोकाकुल परिजनों को दुःख की इस घड़ी में संबल प्रदान करें।

श्री झा के निधन पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा उनके मीडिया सलाहकार पंकज कुमार झा ने कहा है कि सिद्धांतों की राजनीति की पाठशाला का देवलोक गमन, भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिये व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर उन्हे अपने श्री चरणों में स्थान दें।

Related Articles

Back to top button