छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें
सर्दी और कोहरे के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने बस संचालन को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उत्तर प्रदेश। सर्दी और कोहरे के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने बस संचालन को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है। इसके तहत रोडवेज बस अड्डे से रात 8 बजे के बाद बसों का संचालन तभी किया जाएगा, जब संबंधित रूट पर बस में कम से कम 25 यात्री सवार हों। इस संबंध में मुख्यालय से आदेश जारी कर दिए गए हैं, जिसकी जानकारी सभी चालक और परिचालकों को दे दी गई है।

सर्दियों में 25 से कम सवारियों पर रात में नहीं चलेंगी बसें
रोडवेज एआरएम मंगेश कुमार ने बताया कि सर्दी के मौसम में कम सवारियों के साथ लंबी दूरी की बसें चलाने से परिवहन निगम को लगातार राजस्व नुकसान हो रहा था। इसी नुकसान की भरपाई के लिए यह निर्णय लिया गया है। अब रात 8 बजे के बाद यदि किसी बस में 25 से कम यात्री होंगे, तो उसका संचालन नहीं किया जाएगा।
दिन के समय कम से कम 35 यात्रियों का होना अनिवार्य
वहीं, दिन के समय चलने वाली बसों में कम से कम 35 यात्रियों का होना अनिवार्य किया गया है। उन्होंने बताया कि सहालग समाप्त होने और ठंड बढ़ने के कारण यात्रियों की संख्या में लगातार गिरावट आ रही है। इसको ध्यान में रखते हुए सभी चालकों और परिचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश
कोहरे की शुरुआत के साथ ही यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परिवहन निगम ने चालकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। बसों में फॉग लाइट, शीशा वाइपर की व्यवस्था सुनिश्चित करने, मोबाइल फोन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और ओवरटेकिंग में सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। एआरएम ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी
कोहरा और ठंड बनी यात्रियों की कमी की वजह
हाथरस डिपो में वर्तमान में 91 बसें संचालित हैं, जो आगरा, अलीगढ़, मथुरा, कासगंज, नोएडा, लखनऊ, हरिद्वार समेत अन्य रूटों पर सेवाएं दे रही हैं। आमतौर पर प्रतिदिन हजारों यात्री रोडवेज बसों से सफर करते हैं, लेकिन पिछले कुछ दिनों से कोहरा बढ़ने के कारण यात्रियों की संख्या में कमी दर्ज की जा रही है, जिससे बसों का संचालन भी प्रभावित हो रहा है।


