छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

महासमुंद में संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर ने किया ध्वजारोहण

मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का किया वाचन। शहीद के परिजनों को किया गया सम्मानित। उत्कृष्ट कार्य करने वाले 32 अधिकारी-कर्मचारी को किया गया पुरस्कृत।

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

परितोष शर्मा

महासमुंद 15 अगस्त 2023/ महासमुंद जिले में 15 अगस्त 2023 स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। देश की आजादी के 76 वर्ष पूरा होने के साथ ही 77 वां स्वतंत्रता दिवस जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि संसदीय सचिव एवं महासमुंद विधायक श्री विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। कलेक्टर श्री प्रभात मलिक और पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह मंच पर मौजूद थे।
मुख्य अतिथि श्री चंद्राकर ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के साथ परेड का निरीक्षण किया। परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक नितीश आर नायर के नेतृत्व में जिला पुलिस बल, नगर सैनिक, एन.सी.सी, एन.एस.एस., स्काउट गाइड, रेडक्रॉस की कुल 12 टुकड़ियों ने सलामी दी। मुख्य अतिथि श्री चंद्राकर द्वारा मुख्यमंत्री का जनता के नाम संदेश का वाचन किया गया एवं शांति के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गये। कार्यक्रम में संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने जिले के 20 शहीद के परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल पूछा और उन्हें शॉल एवं श्रीफल से सम्मानित किया गया। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले 32 शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों सहित पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर उनका सम्मान किया। समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य की संस्कृति और परम्परा तथा देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा रंग-बिरंगे पोशाकों में सुंदर और मनमोहक प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में 7 शालाओं के लगभग 600 बच्चों ने शानदार संगीतमयी प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम स्थान शासकीय आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महासमुंद, द्वितीय स्थान न्यू होली फेथ महासमुंद एवं तृतीय स्थान महर्षि विद्या मंदिर मचेवा ने प्राप्त किया।


इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री चंद्राकर ने परेड में उत्कृष्ट मार्च पास्ट करने वाले टुकड़ियों को सम्मानित किया। इनमें सशस्त्र बल समूह में प्रथम स्थान नगर सेना महिला प्लाटून, द्वितीय स्थान 20वीं वाहिनी सशस्त्र पुलिस बल, तृतीय स्थान पर छत्तीसगढ़ सशस्त्र पुलिस बल रहा। इसी तरह परेड गैर सशस्त्र बल समूह में प्रथम स्थान पर सीनियर डिवीजन एन.सी.सी, द्वितीय एन.एस.एस. महाविद्यालय रहा। परेड कनिष्ठ में प्रथम एनसीसी, द्वितीय स्काउट एवं तृतीय एनएसएस को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ऊषा पटेल, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री लक्ष्मण पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती राशि महिलांग, जनपद अध्यक्ष श्री यतेन्द्र साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री कृष्णा चंद्राकर, जिला स्काउट गाइड के अध्यक्ष श्री दाऊलाल चंद्राकर, महिला आयोग के सदस्य श्रीमती अनिता रावटे, खिलावन बघेल के अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधि, सीईओ जिला पंचायत श्री एस. आलोक और वनमण्डलाधिकारी श्री पंकज राजपूत, अपर कलेक्टर द्वय श्री दुर्गेश वर्मा एवं निर्भय साहू, अनुविभागीय अधिकारी श्री उमेश तथा गणमान्य नागरिक समेत अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button