छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

घर का झगड़ा बना मौत की वजह, अस्पताल में भिड़े दोनों पक्ष, जमकर चले लात-घूंसे

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

राजधानी रायपुर के संतोषी नगर इलाके में एक पारिवारिक विवाद ने दुखद मोड़ ले लिया, जहां एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिससे देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।

घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, इरशाद खान अपनी पत्नी यास्मिन बानो और उनके छोटे बच्चों के साथ एक शादी में शामिल होने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान बच्चों के व्यवहार को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई। इसके बाद यास्मिन ने कार्यक्रम में जाने से इंकार कर दिया। परिवार के एक पक्ष का दावा है कि नाराजगी के चलते यास्मिन ने खुद ही फांसी लगा ली। वहीं, पति उसे तत्काल फंदे से उतारकर रिंग रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गया और मायके वालों को सूचना दी।

अस्पताल पहुंचने पर मामला और बिगड़ गया। महिला के परिजनों ने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर हाथापाई हुई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद काफी देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। शुक्रवार शाम को इलाज के दौरान यास्मिन ने दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मायके पक्ष ने मृतका के पति पर लंबे समय से प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही यास्मिन को अक्सर परेशान किया जाता था और इस संबंध में पहले भी शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। परिजनों ने यह भी आशंका जताई है कि घटना के दिन मारपीट के बाद उसे फांसी पर लटकाया गया। महिला के शरीर पर चोट के निशान होने का भी दावा किया गया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Related Articles

Back to top button