छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

दुर्ग में 10 लाख की चोरी:पति की आखिरी निशानी को भी नहीं छोड़ा, सोने-चांदी के गहने और बर्तन पार; शादी में गया था परिवार

सच तक इंडिया रायपुर भिलाई. छत्तीसगढ़ के भिलाई हाउसिंग बोर्ड में एक घर से 10 लाख रुपए की चोरी का मामला सामने आया है। चोर घर में रखी 2 अलमारियों को तोड़कर 15 हजार नगद समेत सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गए। वहीं चोर महिला के पति की आखिरी निशानी उसका मंगलसूत्र तक लेकर चले गए। मामला जामुल थाना क्षेत्र का है। जामुल थाना पुलिस के मुताबिक, चोरी की वारदात हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से लगे 32 एकड़ आवासीय क्षेत्र में हुआ है। यहां रहने वाली रंभा सिंह ने मामले की शिकायत जामुल थाने में दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 22 जनवरी को वो घर में ताला लगाकर परिवार के साथ दुर्ग शादी में शामिल होने के लिए गए थे। रंभा सिंह ने बताया कि वे लोग 22 जनवरी की शाम को 6 बजे निकले थे और वहां से अगले दिन 23 जनवरी की सुबह 7-8 बजे लौटे हैं। उन्होंने लौटकर देखा, तो घर के पीछे का दरवाजा खुला हुआ था और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सारी कमाई ले गया चोर- रंभा सिंह के 17 वर्षीय बेटे अभिषेक ने बताया कि चोर उनके दिवंगत पिता महेंद्र सिंह की सारी कमाई ले गया। मां ने उनके दिए सारे गहनों को संभाल कर रखा था। उसने बताया कि घर में वो, उसकी नानी, मां, बहन अदिति रहते हैं। पापा के बाद मां ही घर संभालती है।

आरोपियों ने पहले से कर रखी थी घर की रेकी

अभिषेक ने बताया कि वो लोग पहले भी घर में ताला लगाकर बाहर गए थे, लेकिन कभी चोरी नहीं हुई। इस बार वो लोग गए तो कुछ ही घंटों में वारदात हो गई। अभिषेक का कहना है कि पहले से किसी ने उन पर नजर रखी थी। उसे पता था कि सभी लोग सुबह आने वाले हैं। आरोपियों ने पूरी प्लानिंग के साथ घटना को अंजाम दिया। शिकायतकर्ता की मानें तो उनके घर से 9-10 लाख रुपए की चोरी हुई है। वहीं जामुल पुलिस ने ऑनलाइन एफआईआर में मात्र 48 हजार रुपए की चोरी दिखाई है। इसमें 15 हजार रुपए नगद भी चोरी गए हैं। इस तरह देखा जाए तो मात्र 33 हजार रुपए के ही जेवर चोरी गए हैं। अभिषेक ने बताया कि उनके पिता फायर सेफ्टी डिपार्टमेंट में थे। उन्होंने उनकी मां को 3 मंगलसूत्र दिए थे। उनके स्वर्गवास के बाद मां ने तीनों मंगलसूत्र को पापा की निशानी के रूप में संभालकर रखे थे। साथ ही पिता की दो अंगूठी भी मां के पास थी। चोर उन्हें भी चोरी करके ले गए। आरोपी घर से नगद और गहनों के साथ पिता की आखिरी निशानी भी चोरी कर ले गए हैं।

दो संदिग्ध लिए गए हिरासत में

जामुल पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया था। इसमें से एक को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया, वहीं एक संदिग्ध अभी भी पुलिस की हिरासत में है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। जामुल थाना प्रभारी केशव कोसले का कहना है कि शिकायतकर्ता जितने का बिल देगा, उतना ही दर्ज किया जाएगा। पुलिस ने कहा कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ये सामान हुआ है चोरी

घरवालों के मुताबिक, उनके घर से सोने के दो जोड़ी झुमके, तीन जोड़ी बाली, दो जेंट्स और तीन लेडीज अंगूठी, 3 मंगलसूत्र, हार एक पीस, चेन एक पीस, कंगन एक जोड़ी, 6 नाक में पहनने का गहना, एक नथ, एक मांगटीका चोरी हुआ है। इसके अलावा चांदी के 10 सिक्के, चांदी के बर्तन, कटोरी, ग्लास और 5 चम्मच, 6 जोड़ी पायल, एक जोड़ी पायजेब, जूतियां एक पीस, 20 जोड़ी बिछिया, एक नथ, हाथ फूल 2 जोड़ी, एक करधन चोरी हुई है। इसके साथ ही 15 हजार रुपए नगद चोरी किया गया है।

Related Articles

Back to top button