मृतक खातेदार की राशि जारी करने के बदले रिश्वत मांगना पड़ा भारी, बैंक शाखा प्रबंधक निलंबित

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले मृतक खातेदार के नामिनी से जमा राशि जारी करने के एवज में कथित रूप से रिश्वत मांगने के आरोप में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की एक शाखा प्रबंधक पर बड़ी कार्रवाई की गई है। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की निपानिया शाखा में पदस्थ प्रभारी शाखा प्रबंधक अनिता पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामला जनदर्शन में की गई शिकायत के बाद सामने आया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि मृतक खातेदार की जमा राशि का भुगतान करने के लिए नामिनी से 10 हजार रुपये की मांग की गई थी।
जनदर्शन में पहुंची थी शिकायत
बताया गया कि पीड़ित पक्ष ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर पूरे मामले की शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया था कि मृतक खातेदार की बैंक में जमा राशि जारी करने की प्रक्रिया के दौरान शाखा प्रबंधक ने रिश्वत की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने इसकी प्रारंभिक जांच कराने के निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी के माध्यम से कराई गई जांच में शिकायत के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर बैंक प्रबंधन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित शाखा प्रबंधक को निलंबित करने का फैसला लिया। बैंक कर्मचारी सेवा नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए अनिता पांडेय को निलंबित कर महासमुंद स्थित नोडल कार्यालय से संबद्ध किया गया है। मामले में आगे की विभागीय प्रक्रिया भी नियमानुसार जारी रहेगी।


