शिवनवरात्र पर बाबा महाकाल को धारण कराया शेषनाग, दर्शन को पहुंची कई फिल्मी हस्तियां

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उज्जैन। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में चल रहे शिवनवरात्र उत्सव के तीसरे दिन भगवान महाकाल का शेषनाग शृंगार हुआ। सुबह 8 बजे श्री कोटेश्वर महादेव की पूजा अर्चना के साथ चतुर्थ दिवस की शुरुआत हुई। इसके बाद गर्भगृह में भगवान महाकाल का अभिषेक पूजन किया गया। दोपहर 3 बजे संध्या पूजन के बाद भगवान को नए वस्त्र, आभूषण पहनाकर उनके शीश शेषनाग धारण कराया गया।
भगवान शिव के गले में वासुकि नाग है, जबकि भगवान विष्णु क्षीरसागर में शेष शैया अर्थात शेषनाग पर विराजित रहते हैं। शिवनवरात्र में भगवान महाकाल का शेषनाग शृंगार हरि हर के बीच आपसी सम्मान व प्रेम को प्रदर्शित करता है। महाकाल मंदिर के पं. महेश पुजारी ने बताया शिव सहस्त्र नामावली में भगवान शिव का एक नाम विष्णु वल्लभ भी है, इसका अर्थ है भगवान विष्णु के अतिप्रिय।
इसीलिए शिवनवरात्र के दौरान भगवान महाकाल को श्री हरि विष्णु का शेषनाग धारण कराने की परंपरा है, जो हरि हर मिलन का प्रतीक है। शिवनवरात्र में भगवान महाकाल के विभिन्न रूपों में दर्शन करना कल्याणकारी माना गया है। शिवनवरात्र के चौथे दिन सोमवार को भगवान महाकाल का घटाटोप रूप में शृंगार किया जाएगा।
शिवनवरात्र में महाकाल के द्वार फिल्मी हस्तियों की कतार लगी हुई है। बीते तीन दिनों से लगातार फिल्म स्टार भगवान महाकाल को शीश नवाने उज्जैन पहुंच रहे हैं। रविवार को प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री जैकलिन फर्नांडीस, टीवी सीरियल व फिल्म निर्माता एकता कपूर सहित कई अभिनेत्रियों ने भगवान महाकाल के दर्शन किए। एक दिन पहले पार्श्व गायक मीका सिंह ने भी भगवान महाकाल की भस्म आरती के दर्शन किए।
मंदिर प्रशासन के अनुसार रविवार सुबह प्रसिद्ध फिल्म व टीवी सीरियल निर्माता एकता कपूर, अभिनेत्री दीपशिखा नागपाल, नीलम कोठारी, विद्या मालवदे तथा सीमा किरण सचदेव ने भगवान महाकाल के दर्शन किए। सभी ने नंदी मंडपम से भगवान महाकाल को शीश नवाया तथा नंदीजी के कानों में मन की मुराद मांगी। मंदिर समिति की ओर से सभी का सम्मान किया गया।
महाकाल दर्शन कर फिल्म स्टार खुश नजर आए
शाम को अभिनेत्री जैकलिन फर्नांडीस भगवान के दर्शन करने मंदिर पहुंची। मंदिर परिसर में उन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। कई लोगों ने अभिनेत्री के साथ फोटो, सेल्फी भी ली।
महाकाल दर्शन कर फिल्म स्टार खुश नजर आए, सभी ने मंदिर की व्यवस्था तथा प्रशासनिक इंतजामों की सराहना की। बता दें पिछले कुछ समय से लगातार क्रिकेट व फिल्म जगत की बड़ी हस्तियां भगवान महाकाल के दर्शन करने उज्जैन पहुंच रही हैं। यहां आने के बाद उन्हें सफलता मिलना भी आस्था का बड़ा कारण है।



