कौशल प्रशिक्षण से कवेंद्र व आशा बनी स्वावलम्बी, 17 हजार मासिक आय से गढ़ रहे भविष्य

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रायपुर। मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना से मिला तकनीकी प्रशिक्षण ग्रामीण युवाओं के आत्मनिर्भर बनने का मार्ग प्रशस्त कर रहा है। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्राम कुलीकसा निवासी युवा कवेंद्र व खैरागढ़ की आशा वर्मा ने योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त कर गुजरात स्थित टाटा गोटियन कंपनी में तकनीशियन के पद पर रोजगार हासिल किया है। आज वे प्रतिमाह 17 हजार रुपए वेतन अर्जित कर अपने परिवार को आर्थिक सहयोग दे रहे हैं।
किसान परिवार से आने वाले कवेंद्र के पिता अश्वनी ने सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद उन्हें मेहनत करने और अपने पैरों पर खड़े होने के लिए प्रेरित किया। बारहवीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने अपने करियर को दिशा देने और रोजगार के लिए तकनीकी कौशल सीखने का अवसर तलाश रहे थे। इसी दौरान उन्होंने पॉलिटेक्निक कॉलेज खैरागढ़ में जय रणछोड़ बाबा शिक्षण समिति दल्ली राजहरा के माध्यम से मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत संचालित डेस्कटॉप पब्लिशिंग (डीटीपी) पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें कंप्यूटर डिजाइनिंग, लेआउट, कंप्यूटर संचालन और सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े तकनीकी कार्यों का व्यावहारिक ज्ञान मिला। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और अर्जित कौशल के बल पर प्रशिक्षण पूरा होते ही कवेंद्र का चयन तकनीशियन के पद पर हुआ। नियमित रोजगार मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे परिवार का सहारा बने हैं।
वहीं साधारण किसान परिवार से आने वाली आशा के लिए सीमित आर्थिक संसाधनों के बीच पढ़ाई पूरी करना और रोजगार हासिल करना चुनौती थी। उनके पिता ने हमेशा उन्हें शिक्षा प्राप्त करने और स्वावलंबी बनने के लिए प्रेरित किया। बी.ए. की पढ़ाई पूरी करने के बाद आशा अपने पैरों पर खड़े होकर परिवार का सहारा बनना चाहती थीं। इसी उद्देश्य से उन्होंने पॉलिटेक्निक कॉलेज खैरागढ़ में जय रणछोड़ बाबा शिक्षण समिति दल्ली राजहरा के माध्यम से मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत संचालित डिजिटल मित्र पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने कंप्यूटर ऑपरेटिंग, कंप्यूटर हार्डवेयर और सिस्टम कॉन्फिगरेशन जैसे तकनीकी कार्यों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया। प्रशिक्षण और मार्गदर्शन से आशा को रोजगार का अवसर मिला। आज नियमित आय से वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनकर परिवार को सहयोग दे रही हैं। कवेंद्र व आशा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित लोक कल्याणकारी योजनाओं के लिए उनका आभार माना।



