छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

नवसृजन मंच ने किया 251 बेटियों के माता-पिता का सम्मान

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर। प्रदेश की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था नवसृजन मंच द्वारा बेटियों के जन्म को प्रोत्साहित करने, बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने तथा समाज में उनके सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 13वें ‘बिटिया जन्मोत्सव का भव्य आयोजन वृंदावन हॉल में किया गया। इस अवसर पर 10 दिन से लेकर 6 माह तक की 251 नन्हीं बेटियों का विधिवत कन्या पूजन कर उनकी आरती उतारी गई तथा उनके माता-पिता को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 9 महिलाओं को ‘नवशक्ति सम्मान प्रदान किया गया।

नवसृजन मंच विगत 13 वर्षों से बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने की प्रेरणादायी पहल कर रहा है। इस आयोजन के माध्यम से अब तक हजारों परिवारों को सम्मानित किया जा चुका है। इस वर्ष भी समारोह में नन्हीं बच्चियों की किलकारियों ने पूरे सभागार को आनंद और उल्लास से भर दिया।

कार्यक्रम में महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती ममता साहू, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष एवं नवसृजन मंच के अध्यक्ष श्री अमरजीत सिंह छाबड़ा, बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा, महिला मोर्चा की अध्यक्ष  विभा अवस्थी तथा आईटीएसए हॉस्पिटल के संचालक सतीश बालानी प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

अतिथियों ने नवसृजन मंच की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाना और उनके माता-पिता को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करना समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाला प्रयास है। नवरात्रि के पावन अवसर पर कन्या पूजन के साथ नवजात बेटियों का सम्मान करना भारतीय संस्कृति, मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा और सामाजिक जागरूकता का सुंदर संगम है।

उन्होंने कहा कि बिटिया जन्मोत्सव केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प है। बेटी के जन्म पर परिवार को बधाई देना, माता-पिता का सम्मान करना और नवजात बच्चियों के लालन-पालन में सहयोग देना इस अभियान का मूल उद्देश्य है।

Related Articles

Back to top button