छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

नवरात्रि में मंदिरों के आसपास स्वच्छता व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता :मीनल चौबे

मंदिर दर्शन हेतु आये हुए श्रद्धालुओं ने पहुँच मार्ग के उबडखाबड होने की शिकायत की —निराकरण का दिया आश्वासन:महापौर

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर। नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महापौर मीनल चौबे ने आज कंकाली पारा स्थित माँ कंकाली देवी मंदिर के आसपास सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। पूर्व में दिए गए निर्देशों के पालन की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने मंदिर परिसर के आसपास तथा नुक्कड़ तालाब के आसपास के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महापौर मीनल चौबे ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नवरात्रि के पूरे नौ दिनों तक मंदिरों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले मार्गों, मंदिर परिसर के आसपास एवं तालाब के समीप नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। कहीं भी कचरा जमा न हो तथा गंदगी की स्थिति निर्मित न होने पाए। उन्होंने कहा कि नवरात्रि आस्था और श्रद्धा का पर्व है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान मंदिर दर्शन हेतु आने वाले श्रद्धालुओं ने पहुँच मार्ग के ऊबड़ खाबड़ होने की जानकारी दी.महापौर ने नागरिकों की मांग को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि सड़क संबंधी समस्या के समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी तथा संबंधित अधिकारियों के माध्यम से नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

महापौर ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता केवल सफाई व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। जनसमस्याओं का समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। धार्मिक स्थलों के आसपास स्वच्छता, सुगम आवागमन और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई करें और व्यवस्था में निरंतर सुधार बनाए रखें।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं पार्षद अजय साहू उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button