स्व. ओम प्रकाश शर्मा स्मृति में प्रथम छत्तीसगढ़ राज्य मास्टर्स रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता रायपुर में 13 को

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रायपुर। छत्तीसगढ़ टेबल टेनिस संघ की छत्तीसगढ़ वेटरन्स टेबल टेनिस समिति द्वारा 13 सितंबर को स्व. ओम प्रकाश शर्मा स्मृति प्रथम छत्तीसगढ़ राज्य मास्टर्स रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता 2026 का आयोजन सप्रे शाला टेबल टेनिस हाल, रायपुर में किया जा रहा है जिसमें पुरुष एवं महिला एकल (आयु वर्ग 40, 50, 60, 65, 70, 75) वर्ग हेतु कुल मिलाकर 12 वर्गों में आयोजित की जा रही है। इस प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों के पंजीकृत खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे तथा प्रतियोगिता हेतु प्रविष्टि कि अंतिम तिथि 6 सितंबर है।
उक्त प्रतियोगिता के सम्बन्ध में छत्तीसगढ़ टेबल टेनिस संघ के सचिव सार्थक शुक्ला ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में राज्य के सभी जिलों से कुल मिलाकर लगभग 150 पुरुष एवं महिला खिलाडियों के भाग लेने की संभावना है एवं प्रतियोगिता लीग पद्धति में खेली जायेगी जिससे यह सुनिश्चित होगा कि प्रत्येक खिलाड़ी को कई मैच खेलने का अवसर मिले। यह आयोजन टेबल टेनिस के क्षेत्र में वरिष्ठ खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ राज्य स्तर पर मास्टर्स खिलाडिय़ों के बीच प्रतिस्पर्धा और समरसता बढ़ाने का महत्वपूर्ण प्रयास है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से छत्तीसगढ़ में टेबल टेनिस खेल को और अधिक मजबूत एवं व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे अनुभवी खिलाडिय़ों को खेलने का अवसर मिले और युवा खिलाडिय़ों के लिए प्रेरणा स्रोत बने। प्रतियोगिता के दौरान खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन को बढ़ावा दिया जाएगा। उपरोक्त जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से प्रतियोगिता के आयोजन सचिव विनय बैसवाड़े ने दी।


