रक्षाबंधन पर प्रदेश की सभी बहनों की सुरक्षा गृहमंत्री विजय शर्मा सुनिश्चित करें -मिथलेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष महिला विंग, आप

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रायपुर। आम आदमी पार्टी की महिला विंग प्रदेश अध्यक्ष मिथलेश बघेल ने रक्षाबंधन के महापर्व पर प्रदेश की महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा से सीधा सवाल किया है। मिथलेश बघेल ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम और सुरक्षा के विश्वास का त्यौहार है, ऐसे में गृहमंत्री प्रदेश की सभी बहनों को यह सार्वजनिक रूप से भरोसा दिलाएं कि कल का रक्षाबंधन उनके लिए पूरी तरह से सुरक्षित और भयमुक्त रहेगा।प्रदेश में हाल के दिनों में बढ़ी आपराधिक घटनाओं पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि बहनें तभी सुरक्षित महसूस करेंगी जब कानून-व्यवस्था धरातल पर कड़ाई से लागू दिखे। त्यौहारों के दौरान माताओं और बहनों का सड़कों व सार्वजनिक स्थानों पर आवागमन बढ़ जाता है, लेकिन राज्य में लचर सुरक्षा व्यवस्था के कारण महिलाओं में डर का माहौल बना रहता है।
मिथलेश बघेल ने आम आदमी पार्टी की ओर से मांग की है कि:
विशेष सुरक्षा बल की तैनाती:
रक्षाबंधन के अवसर पर सभी प्रमुख बाजारों, बस स्टैंडों, रेलवे स्टेशनों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल और महिला पुलिस कर्मियों की विशेष तैनाती की जाए।
सुरक्षित परिवहन:
सार्वजनिक परिवहन और ऑटो/टैक्सी स्टैंडों पर कड़ी निगरानी रखी जाए ताकि दूर-दराज जाने वाली बहनों को किसी तरह की असुविधा या खतरे का सामना न करना पड़े।
हेल्पलाइन नंबर सक्रियता:
महिला हेल्पलाइन नंबरों को 24 घंटे एक्टिव और मुस्तैद रखा जाए ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंच सके। मिथलेश बघेल ने कहा कि प्रदेश की हर बेटी और बहन की सुरक्षा की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की है। गृहमंत्री केवल बयानों तक सीमित न रहकर धरातल पर पुख्ता इंतजाम करें, ताकि बहनें बिना किसी भय के रक्षाबंधन का पर्व खुशी-खुशी मना सकें।



