अजय ज्वेलर्स का संचालक हुआ 2 लाख की साइबर ठगी का शिकार, जांच में जुटी पुलिस

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रायपुर। टिकरापारा के मेन रोड में स्थित अजय ज्वेलर्स के संचालक अजय सोनी साइबर ठगी का शिकार हो गया। अज्ञात ठग ने उसके बैंक खाते से दो बार में 99,720 और 99,720 रुपये निकल लिए। साइबर ठगी का शक होने के बाद अजय टिकरापारा थाने पहुंचा और उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया।

संजय नगर निवासी अजय सोनी की टिकरापारा मेन रोड पर अजय ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। बीते 17 जुलाई को एक युवक स्कूटी से दुकान पहुंचा। उसने 6 ग्राम सोना मांगा। दुकानदार के पास 5 ग्राम का सोने का सिक्का था, जिसकी कीमत 76,220 थी। युवक ने इसका ऑनलाइन पेमेंट जगदंबा टीसी के नाम से किया। इसके बाद युवक ने 1.600 ग्राम सोना और मांगा, इसकी कीमत 23,500 थी इसका भी ऑनलाइन भुगतान करने के बाद उसने करीब एक घंटे बाद सोना लेने की बात कही और चला गया। कुछ देर बाद लौटकर उसने ऑर्डर कैंसिल करने और रकम वापस करने को कहा। कारोबारी ने उसके मोबाइल नंबर पर 23,500 वापस कर दिए। 20 जुलाई को कारोबारी को एक फोन आया, सामने वाले ने खुद को जगदंबा टीसी से बताते हुए कहा कि उसके खाते में 3.50 लाख आए हैं। अजय ने बैंक खाता चेक किया तो उसमें 78,757 दिखाई दे रहे थे। करीब तीन घंटे बाद खाते का बैलेंस माइनस 20,962 हो गया। 21 जुलाई को बैंक जाने पर पता चला कि दो ट्रांजेक्शन में कुल 99,720 की रकम होल्ड है। अगले दिन भी दो ट्रांजेक्शन की इतनी ही रकम होल्ड होने की जानकारी मिली। इसके बाद कारोबारी को साइबर ठगी का शक हुआ तो उसने टिकरापारा थाने में अज्ञात ठग के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। फिलहाल पुलिस साइबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश में जुट गई है।



