रक्षाबंधन पर सैनिकों के सम्मान में शुरू हुआ ऑपरेशन सिपाही रक्षा-सूत्र अभियान-2026

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रायपुर। रक्षा बंधन के पावन पर्व पर देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात वीर जवानों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और आत्मीयता प्रकट करने के उद्देश्य से प्रदेश में ऑपरेशन सिपाही रक्षा-सूत्र अभियान-2026 का शुभारंभ किया गया है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने प्रदेश की सभी माताओं, बहनों और बच्चों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए इसे सैनिकों के प्रति सम्मान का जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया है।मंत्री राजवाड़े ने कहा कि देश की सुरक्षा में दिन-रात सीमाओं पर तैनात वीर सैनिकों के अदम्य साहस, समर्पण और त्याग के प्रति प्रत्येक नागरिक का सम्मान व्यक्त करना हमारा नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि रक्षा बंधन केवल एक पर्व नहीं, बल्कि सुरक्षा, विश्वास और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है। इस अभियान के माध्यम से छत्तीसगढ़ की माताओं, बहनों और बच्चों का स्नेह सीधे देश के वीर जवानों तक पहुंचेगा।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि आइए, हम सभी मिलकर इस अभियान को जनभागीदारी का एक प्रेरक उदाहरण बनाएं और अपने सैनिक भाइयों तक यह संदेश पहुंचाएं कि पूरा छत्तीसगढ़ उनके सम्मान, सुरक्षा और गौरव के साथ मजबूती से खड़ा है।



