वाणिज्य प्रावीण्य सूची में गुरुकुल महिला महाविद्यालय की छात्रा ने प्राप्त किया विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर द्वारा हाल ही में घोषित एम.कॉम. प्रावीण्य सूची में गुरुकुल महिला महाविद्यालय, रायपुर की वाणिज्य संकाय की मेधावी छात्रा उजमा कौशल ने 2000 में से 1571 अंक प्राप्त कर पूरे विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए उन्हें विश्वविद्यालय के आगामी दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इस गौरवपूर्ण सफलता पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या गुप्ता ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्रा की कठिन मेहनत, अनुशासन, समर्पण तथा वाणिज्य संकाय के संकायाध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार अग्रवाल एवं विभाग के प्राध्यापकों डॉ. कविता सिलवाल, डॉ. रात्रि लहरी एवं सुश्री मान्या शर्मा के सतत मार्गदर्शन एवं प्रेरणा का परिणाम है।

इस अवसर पर वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार अग्रवाल ने छात्रा को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “उजमा कौशल की यह उपलब्धि पूरे महाविद्यालय एवं वाणिज्य विभाग के लिए गर्व का विषय है। हमें विश्वास है कि वह भविष्य में भी अपनी प्रतिभा, परिश्रम एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन से नई ऊँचाइयों को प्राप्त कर महाविद्यालय और विश्वविद्यालय का नाम निरंतर गौरवान्वित करती रहेंगी।”। छात्रा की इस उल्लेखनीय सफलता पर महाविद्यालय शासी निकाय समिति के अध्यक्ष श्री अजय तिवारी, महाविद्यालय समिति के अध्यक्ष श्री तरल मोदी, सचिव श्रीमती शोभा खंडेलवाल सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्रा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

