छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

रायपुर की आर्द्रभूमि में एक साथ दिखीं दो बत्तख प्रजातियां:स्पॉट-बिल्ड डक और लेसर व्हिस्लिंग डक ने बढ़ाया आकर्षण, फूड चेन के लिए जरूरी

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर। के धरसींवा के ग्राम पंचायत गोढ़ी की गधीया आर्द्रभूमि इन दिनों पक्षी प्रेमियों के लिए खास आकर्षण बनी हुई है। यहां स्पॉट-बिल्ड डक और लेसर व्हिस्लिंग डक एक साथ नजर आईं। दोनों पक्षियों को आर्द्रभूमि के किनारे आराम से घूमते और भोजन तलाशते देखा गया। इस दुर्लभ दृश्य ने प्रकृति प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर खींचा। सुबह के शांत माहौल में पक्षी प्रेमियों ने दोनों प्रजातियों को बिना किसी रुकावट के प्राकृतिक वातावरण में देखा और कैमरे में कैद किया। पानी, हरियाली और खुले वातावरण के बीच दोनों पक्षियों का यह दृश्य बेहद खूबसूरत नजर आया। यह तस्वीरें गधीया आर्द्रभूमि की प्राकृतिक सुंदरता और यहां की जैव विविधता को भी दिखाती हैं।

पक्षियों के रहने के लिए अनुकूल

पक्षी विशेषज्ञों का कहना है कि एक ही आर्द्रभूमि में कई पक्षी प्रजातियों का दिखाई देना अच्छी बात है। इससे पता चलता है कि यहां का पानी, प्राकृतिक वनस्पति और वातावरण पक्षियों के रहने के लिए अनुकूल है। यही वजह है कि उन्हें यहां भोजन और सुरक्षित ठिकाना आसानी से मिल रहा है।

आर्द्रभूमियों का संरक्षण जरूरी

विशेषज्ञों के मुताबिक ऐसे दृश्य बताते हैं कि आर्द्रभूमियों का संरक्षण कितना जरूरी है। अगर स्थानीय लोगों और प्रशासन के सहयोग से इन क्षेत्रों की देखभाल होती रही, तो आने वाले समय में यहां और भी स्थानीय व प्रवासी पक्षी देखने को मिल सकते हैं। इससे प्रकृति प्रेमियों और पक्षी विशेषज्ञों के लिए भी यह जगह और महत्वपूर्ण बनेगी।विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसी आर्द्रभूमियां सिर्फ पक्षियों का घर ही नहीं होतीं, बल्कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाती हैं।

जानिए इन पक्षियों का महत्व

दोनों पक्षी प्रजातियां (स्पॉट-बिल्ड डक और लेसर व्हिसलिंग डक) हमारे प्राकृतिक पर्यावरण और वेटलैंड्स (आर्द्रभूमि) के स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी हैं।

पारिस्थितिकी तंत्र का संतुलन: ये बत्तखें जलीय घास, छोटे कीड़े-मकोड़े, घोंघे और मछलियों को खाकर जलीय पारिस्थितिकी तंत्र को संतुलित रखती हैं। जैव विविधता का संकेतक: किसी भी वेटलैंड या दलदली क्षेत्र में इन पक्षियों की मौजूदगी यह साबित करती है कि वहां का वातावरण पक्षियों के लिए अनुकूल है और जल स्रोत स्वस्थ। बीज प्रसार: ये पक्षी पानी के पौधों के बीज खाते हैं और एक जगह से दूसरी जगह मल के माध्यम से फैलाते हैं, जिससे नए पौधों के विकास में मदद मिलती है। पर्यावरण के लिए अनुकूलता: ये प्रवासी और स्थानीय पक्षी स्थानीय जैव विविधता को बढ़ावा देते हैं और प्राकृतिक सौंदर्य का मुख्य केंद्र होते हैं।

आर्द्रभूमि क्या है  पृथ्वी पर पारिस्थितिकी तंत्र का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, यह वह क्षेत्र है, जो स्थायी या मौसमी रूप से पानी से संतृप्त (गीला) रहता है दलदल, झीलें, बाढ़ के मैदान, नदी के किनारे, और मैंग्रोव इसके मुख्य उदाहरण हैं।

Related Articles

Back to top button