छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

छत्तीसगढ़ में बढ़ता जा रहा है बिजली के स्मार्ट मीटर का विरोध, भिलाई के कलेक्ट्रेट में लोगों ने पटक कर तोड़े मीटर

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

दुर्ग। लगातार दो माह से बिजली बिल में हो रही भारी वृद्धि के विरोध में वार्ड-29 अर्जुन नगर भिलाई के रहवासियों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनदर्शन में नाराजगी जताई। स्मार्ट मीटर लेकर पहुंचे रहवासियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर स्मार्ट मीटर को तोड़ दिया। इसके बाद कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बढ़े हुए बिजली बिलों की जांच कर राहत देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिजली बिलों में अचानक कई गुना वृद्धि हो गई है। जिससे गरीब परिवारों के लिए बिल जमा करना मुश्किल हो गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकांश प्रभावित परिवार गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करते हैं और बाम्बे आवास तथा अटल आवास योजना के मकानों में निवासरत हैं। जनदर्शन में पहुंचे ग्राम घुमा के ग्रामवासियों ने घास जमीन को पशुपालन के लिए सुरक्षित करने आवेदन दिया। ग्रामवासियों ने बताया कि घास जमीन पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा किया जा रहा है।इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार पाटन को निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।

जनदर्शन में आए 180 आवेदन

जनदर्शन में विभिन्न मांगों व शिकायतों से संबंधित 180 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने जनदर्शन में पहुंचे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी और संबंधित विभागों को निराकरण का निर्देश दिए।

आवासीय क्षेत्र में चल रहा पोल्ट्री फार्म

ग्राम धनौद के ग्रामीणों ने आवासीय क्षेत्र से लगे पोल्ट्री फार्म को बंद करने अथवा अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि पोल्ट्री फार्म आवासीय क्षेत्र के बेहद निकट संचालित हो रहा है, जिससे जनस्वास्थ्य और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। पोल्ट्री फार्म से निकलने वाली दुर्गंध, अपशिष्ट और प्रदूषण के कारण पूरे गांव का वातावरण प्रभावित हो रहा है। इससे सांस लेने में परेशानी, मच्छर-मक्खियों का प्रकोप बढ़ने और संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। इस पर कलेक्टर ने सीइओ जनपद पंचायत दुर्ग को निरीक्षण कर कार्यवाही करने को कहा।

खेतों में जलभराव की शिकायत

ग्राम खम्हरिया के किसानों ने धनोरा नाला पर बने कट बांध के कारण खेतों में जलभराव होने की शिकायत की। किसानों ने बताया कि धनोरा नाला पर बने कट बांध की वजह से हल्की बारिश में भी करीब 20 एकड़ कृषि भूमि में पानी भर जाता है, जिससे रोपा और बुवाई का कार्य प्रभावित हो रहा है।इस पर संबंधित विभाग को कार्रवाई करने कहा गया।

Related Articles

Back to top button