छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

बिलासपुर नगर निगम में 11 एल्डरमैन की नियुक्ति:शहर विधायक के समर्थकों को तवज्जो, बेलतरा, बिल्हा-तखतपुर विधायक की पसंद का भी रखा ख्याल

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बिलासपुर     नगरीय प्रशासन और विकास विभाग ने बिलासपुर नगर निगम के लिए 11 एल्डरमैनों की सूची जारी कर दी है, जिसमें शहर विधायक अमर अग्रवाल की पसंद को प्रमुखता मिलने की चर्चा है। वहीं बेलतरा, बिल्हा और तखतपुर विधानसभा क्षेत्रों से भी संबंधित विधायकों के करीबी नेताओं को जगह देकर संगठनात्मक संतुलन साधने की कोशिश की गई है।

नगर निगम के लिए घोषित 11 एल्डरमैनों में बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र से 6 नाम शामिल किए गए हैं। इन्हें विधायक अमर अग्रवाल की पसंद माना जा रहा है। हालांकि, सूची तैयार करते समय संगठन की सहमति और स्थानीय समीकरणों का भी ध्यान रखा गया है।

लाल्टू घोष की नियुक्ति पर भाजपा में विरोध

एल्डरमैनों की लंबे समय से इंतजार की जा रही सूची जारी होते ही भाजपा के अंदर नाराजगी भी सामने आने लगी है। सबसे ज्यादा विरोध हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए देवाशीष घोष (लाल्टू) को एल्डरमैन बनाए जाने पर हो रहा है।

भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं और सिंधी समाज के लोगों का कहना है कि पार्टी ने पुराने और लंबे समय से काम कर रहे कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज किया है, जिससे उनमें असंतोष है।

सिंधी समाज ने जताई नाराजगी

देवाशीष घोष नगर निगम चुनाव के दौरान कांग्रेस से पार्षद टिकट के दावेदार थे। टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। इससे पहले वे कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में पार्षद का चुनाव भी लड़ चुके हैं।

भाजपा में शामिल होने के कुछ समय बाद ही उन्हें एल्डरमैन बनाए जाने पर संगठन के भीतर सवाल उठने लगे हैं। सिंधी समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि सालों से पार्टी और संगठन के लिए काम कर रहे समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर हाल ही में पार्टी में आए नेता को जिम्मेदारी सौंप दी गई।

सिंधी समाज की बैठक, पूर्व मंडल अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा

देवाशीष घोष वर्तमान में भाजपा पूर्वी मंडल की कार्यकारिणी के सदस्य हैं। उनकी नियुक्ति के विरोध में सिंधी समाज ने बैठकें शुरू कर दी हैं। पूर्व मंडल अध्यक्ष निर्मल जीवनानी ने वर्तमान मंडल अध्यक्ष को अपना इस्तीफा भी सौंप दिया है। समाज के लोगों का कहना है कि भाजपा के पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की गई है।

धर्मजीत सिंह और धरमलाल कौशिक के करीबी भी शामिल

तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह के करीबी अशोक ठाकुर को भी एल्डरमैन बनाया गया है। वहीं बिल्हा विधानसभा से सक्रिय कार्यकर्ता ज्ञानचंद कौशिक को मौका मिला है, जिन्हें विधायक धरमलाल कौशिक का करीबी माना जाता है। इसके अलावा पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रानू साहू को भी सूची में शामिल किया गया है।

बेलतरा विधायक की पसंद के दो पूर्व पार्षद बने एल्डरमैन

बेलतरा विधानसभा क्षेत्र से पूर्व पार्षद संतोष दुबे और भगवती साहू को एल्डरमैन नियुक्त किया गया है। दोनों को नगर निगम में कार्य करने का अनुभव है और उन्हें बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की पसंद माना जा रहा है।

अरुण साव और तोखन साहू की नहीं रही सक्रिय भूमिका

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि एल्डरमैन नियुक्ति की प्रक्रिया में डिप्टी सीएम-नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव और केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने विशेष रुचि नहीं दिखाई। यह भी कहा जा रहा है कि संगठन की ओर से उन्हें बिलासपुर की नियुक्तियों में हस्तक्षेप नहीं करने की सलाह दी गई थी।

हालांकि यह भी चर्चा है कि दोनों नेताओं ने एक-एक नाम का प्रस्ताव दिया था, जिन्हें अंतिम सूची में शामिल नहीं किया गया। यह दावा आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं किया गया है।

Related Articles

Back to top button