छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

ननद ने मर्डर के बाद भाभी के कपड़े फाड़े:कवर्धा में वारदात को रेप दिखाने की कोशिश, आपसी विवाद में हत्या, आरोपी अरेस्ट

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में काम को लेकर आपसी विवाद में ननद ने धारदार हथियार से सिर पर कई वार कर अपनी भाभी की हत्या कर दी। इसके बाद मर्डर को रेप जैसा दिखाने के लिए उसने भाभी के कपड़े फाड़ दिए, ताकि पुलिस गुमराह हो जाए और शक किसी पुरुष पर जाए।

दरअसल, ननद और भाभी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच पहले भी कई बार मारपीट हो चुकी थी। करीब 6 महीने पहले भी ननद ने भाभी का गला दबाकर मारने की कोशिश की थी, लेकिन उस समय परिवार के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था।

फिलहाल पुलिस ने इस मामले में आरोपी ननद को गिरफ्तार कर लिया है। मामला लोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगारपुर का है।

अब जानिए पूरा मामला

जानकारी ​के अनुसार यह घटना 3 मई 2026 को सामने आई, जब झोंकाखार खेत में एक महिला का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही लोहारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। महिला का शव निर्वस्त्र पड़ा था, उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे।

शुरुआती जांच में पुलिस इसे रेप के बाद हत्या का मामला मान रही थी। पुलिस ने मौके पर मर्ग पंचनामा की कार्रवाई की और अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि महिला की पहचान ग्राम सिंगारपुर निवासी बेलसिया छेदैया (32) के रूप में हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी धर्मेंद्र सिंह ने जांच टीम का गठन किया और तत्काल जांच के निर्देश दिए।

घटनास्थल से मिले कई अहम सबूत

पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान लोहे की रपली, हंसिया, टूटी चूड़ियां, कपड़ों के टुकड़े, बटन और साड़ी पिन जैसे अहम सबूत मिले। साइबर सेल और एफएसएल टीम की मदद से इन तकनीकी और वहां मिले सबूतों की जांच की गई।

जांच में पता चला कि महिला के साथ रेप नहीं हुआ है। पुलिस ने पाया कि शव को निर्वस्त्र इसलिए किया गया था, ताकि पुलिस को लगे उसके साथ रेप हुआ है। पुलिस टीम ने बेलसिया के परिजनों और संदिग्धों से लगातार पूछताछ की।

पूछताछ में पता चला की आरोपी मालती मरकाम (33) का पति नरेन्द्र मरकाम शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था। इस वजह से वह लगभग 5 साल पहले अपने ससुराल को छोड़कर मायके चली आई और तब से यहीं रह रही थी।

घर के कामकाज को लेकर होता था विवाद

घर के कामकाज और बंटवारे की बात को लेकर मालती का अपनी भाभी बेलसिया के बीच तानेबाजी और झगड़े होते रहते थे। दोनों के बीच पहले भी कई बार गंभीर मारपीट हो चुकी थी। इतना ही नहीं करीब 6 महीने पहले भी आरोपी महिला ने भाभी का गला दबाकर मारने की कोशिश की थी, लेकिन उस समय परिवार के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था।

इसके बाद संदेही मालती मरकाम से लगातार पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी महिला ने बताया कि उसका आए दिन उसकी भाभी से झगड़ा होता रहता था। इससे परेशान होकर उसने भाभी को मारने की प्लानिंग की।

प्लानिंग के तहत मालती ने 3 मई को खेत में काम कर रही अपनी भाभी बेलसिया पर पीछे से हमला कर दिया। उसने लोहे की रपली से सिर पर लगातार कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस को गुमराह करने के लिए शव के कपड़े फाड़े

हत्या के बाद आरोपी ने खुद को बचाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए शव के कपड़े फाड़ दिए और उसे निर्वस्त्र हालत में छोड़ दिया। आरोपी चाहती थी कि मामला दुष्कर्म या सामूहिक अपराध जैसा लगे। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने मोबाइल और सोशल मीडिया में इस तरह की घटनाएं देखी थीं, उसी से उसे यह तरीका सूझा।

हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच और मेडिकल रिपोर्ट में साफ हो गया कि बेलसिया के साथ किसी तरह का दुष्कर्म नहीं हुआ था। पूरी वारदात पारिवारिक रंजिश में की गई सुनियोजित हत्या निकली। पुलिस ने आरोपी मालती मरकाम को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button