प्रमुख खबरेंमध्यप्रदेश एवं बुंदेलखंड

रतलाम में मास्टर चाबी से 10 मिनट में तीन बाइक चोरी कर ले गए बदमाश, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

 रतलाम। रतलाम शहर के डीडी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कनेरी रोड स्थित एक टेंट हाउस के गोदाम से शुक्रवार तड़के तीन आरोपियों ने करीब 10 मिनट में तीन बाइक चोरी को अंजाम दे दिया। पूरी वारदात गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

इसमें आरोपी मास्टर चाबी से खड़ी बाइक को स्टार्ट करते नजर आ रहे हैं। आरोपी चोरी की बाइक से गोदाम तक पहुंचे थे और उसे वहीं छोड़कर भाग गए। सीसीटीवी में बाइक चोरी के बाद आरोपी झाबुआ की ओर जाते हुए दिखे हैं।

पुलिस के अनुसार गोशाला रोड निवासी निखिल पालीवाल पालिवाल टेंट हाउस एंड डेकोरेशन का संचालन करते हैं। उनका गोदाम कनेरी रोड पर स्थित है, जहां कर्मचारी अपनी मोटरसाइकिलें बाहर खड़ी कर अंदर ही सोते हैं। रात करीब 3 बजे चांदनी चौक क्षेत्र से टेंट का सामान लेकर 8 से 10 मजदूर गोदाम पहुंचे और अपनी-अपनी बाइक बाहर खड़ी कर सो गए। इसके बाद अज्ञात आरोपितों ने बाइक चोरी की घटना को अंजाम दिया।

सुबह मजदूर उठे तो बाइक गायब मिली

चोरी गई बाइकों में बांसवाड़ा के सेंमलपाड़ा निवासी भुराला कटारा की बाइक (आरजे 03 डीएस 8875), अजु पुत्र नानाराम कटारा की बाइक (क्रमांक आरजे क्रमांक एसी 2573), ग्राम खोरी थाना सरवन निवासी विकास पुत्र गणेश निनामा की बाइक (एमपी 43 जेडसी 4382) और संत नगर निवासी रोहित राणा की बाइक (आरजे 03 एसजेड 7543) है।

रोहित की बाइक आरोपी गोदाम पर छोड़कर अन्य तीन बाइक ले गए। सुबह जब मजदूर उठे तो बाइक गायब मिली। सूचना मिलने पर संचालक गोदाम पहुंचे और कर्मचारियों के साथ आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद सभी संबंधित व्यक्तियों के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

रात तीन बजे पहुंचे थे कर्मचारी

रात करीब 3 बजे तक कर्मचारी काम कर रहे थे, इसके बाद सभी सो गए थे। घटना की सूचना पहले माणकचौक थाना पुलिस को दी गई, जहां से पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन क्षेत्राधिकार डीडी नगर थाना का बताया गया। इसके बाद डीडी नगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची।

प्रारंभिक स्तर पर थाना क्षेत्र को लेकर भ्रम की स्थिति बनी रही, जिससे संचालक को दोपहर तक परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में स्पष्ट हुआ कि घटनास्थल डीडी नगर थाना क्षेत्र में आता है। इसके बाद पुलिस ने बाइक चोरी का प्रकरण दर्ज किया।

पहले भी सामने आ चुका है ऐसा ही पैटर्न

कनेरी रोड स्थित टेंट हाउस गोदाम से हुई बाइक चोरी की वारदात का तरीका पहले सामने आए गिरोह से काफी मिलता-जुलता नजर आ रहा है। पुलिस ने 2 मार्च को बाइक चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक नाबालिग गिरोह को पकड़ा था, जो झाबुआ, अलीराजपुर और धार क्षेत्र से सक्रिय था। गिरोह के सदस्य रात के समय अलग-अलग स्थानों पर खड़ी बाइकों को बेहद कम समय में चाबी लगाकर चोरी कर लेते थे।

Related Articles

Back to top button