मंदिर हसौद नगर बंद सफल, एसडीएम को सौंपा गया ज्ञापन – सीएमओ के स्थानांतरण की मांग

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मंदिर हसौद, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती पूजा पिल्ले की मनमानी एवं तानाशाहीपूर्ण कार्यप्रणाली के विरोध में आज नगर पालिका परिषद मंदिर हसौद में जनप्रतिनिधियों, व्यापारी संघ एवं नगरवासियों के आह्वान पर मंदिर हसौद नगर पूर्णतः बंद रहा। इस दौरान नगर पालिका कार्यालय में ताला बंदी कर हड़ताल एवं विरोध प्रदर्शन किया गया।
नगर बंद के आह्वान को नगर के व्यापारियों ने भी पूरा समर्थन दिया। बाजार चौक, नवीन चौक, बस स्टैंड चौक एवं तिरंगा चौक के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर आंदोलन में सहयोग प्रदान किया। नगरवासियों एवं व्यापारियों की बड़ी संख्या ने आंदोलन में भाग लेकर प्रशासन के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया।
इस दौरान नगर पालिका परिषद मंदिर हसौद के अध्यक्ष गोपाल चतुर्वेदी के नेतृत्व में पार्षदगण, व्यापारी संघ के प्रतिनिधि एवं नगरवासियों का प्रतिनिधिमंडल अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं दण्डाधिकारी Arang को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती पूजा पिल्ले के कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने, जांच पूर्ण होने तक उन्हें नगर पालिका परिषद मंदिर हसौद के कार्य से पृथक रखने तथा उनका अन्यत्र स्थानांतरण करने की मांग की गई।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगर पालिका परिषद में लंबे समय से नियमों की अनदेखी, जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा तथा मनमाने तरीके से कार्य किए जा रहे हैं, जिससे नगर के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और नगरवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इसी के विरोध में नगरवासियों ने एकजुट होकर नगर बंद कर अपनी आवाज बुलंद की है।
आंदोलन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन को जनप्रतिनिधियों और जनता के प्रति जवाबदेह रहना चाहिए, लेकिन वर्तमान स्थिति में नगर पालिका में हिटलरशाही जैसी कार्यप्रणाली देखने को मिल रही है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं की गई और समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और अधिक उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से ओम प्रकाश यादव (उपाध्यक्ष), लोकू कोसले (जिला पंचायत सदस्य) रेखराम पात्रे, पार्षद एकता मिश्रा, तारणी पिंटू निर्मलकर, भूषण बघेल, निर्देश सिन्हा, अनुज मिश्रा, राकेश जायसवाल, राकेश मिश्रा, प्रताप ध्रुव, कोमल साहू (ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस), सरस्वती यादव, शोभित साहू, जितेन्द्र चतुर्वेदी, विनीत पाण्डेय , ईश्वर जोगलेकर, मंगलमूर्ति अग्रवाल, हरि बंजारे, अनिल टंडन, आदित्य सिन्हा कमलेश भारती, प्रवीण भत्तपहरी, सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं भारी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।




