यातायात चालान में पत्रकारों की मदद करेगा रायपुर प्रेस क्लब, विधिक सहायता के लिए लीगल सेल का गठन
रायपुर प्रेस क्लब ने यातायात चालान मामलों में पत्रकारों को सहायता देने के लिए प्रेस क्लब लीगल सेल का गठन किया है.

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रायपुर :पत्रकार हित में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए रायपुर प्रेस क्लब ने पत्रकार साथियों पर होने वाली यातायात चालान की असंगत एवं अन्यायपूर्ण कार्रवाई को लेकर कदम उठाया है.इसके लिए मामलों में कानूनी सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से प्रेस क्लब लीगल सेल का गठन किया है. रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित एक कार्यक्रम में शहर के वरिष्ठ अधिवक्ता नाथूराम मानिकपुरी, भगवानू नायक, रामप्रसाद जायसवाल को लीगल सेल की जिम्मेदारी सौंपी गई. प्रेस क्लब ने उन्हें औपचारिक पत्र प्रदान कर इस दायित्व से अवगत कराया.रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने इसके बारे में जानकारी दी.

प्रेस क्लब की कोशिश है कि पत्रकार साथियों पर यातायात चालान के मामलों में यदि कहीं असंगत या अन्यायपूर्ण कार्रवाई हुई है तो उसे वैधानिक प्रक्रिया के तहत समझौता कराते हुए पत्रकारों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम किया जाए. यह लीगल सेल वर्ष 2025 के बाद से हुए यातायात चालानों से जुड़े मामलों में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर सहयोग प्रदान करेगी-
लीगल सेल करेगा मदद
अब पत्रकार साथियों के यातायात चालान से जुड़े मामलों को लोक अदालत सहित अन्य वैधानिक प्रक्रियाओं के माध्यम से निराकरण कराने का कार्य अधिवक्ता नाथूराम मानिकपुरी,भगवानू नायक और उनकी टीम द्वारा किया जाएगा. इसके अलावा प्रेस क्लब के सदस्यों से जुड़े आपराधिक मामलों की लीगल एडवाइस देने के लिए भी नाथूराम मानिकपुरी और उनकी टीम उपलब्ध रहेगी. इस संबंध में प्रेस क्लब के माध्यम से सदस्य संपर्क कर सकेंगे
प्रेस क्लब ने अपने सदस्यों से अनुरोध किया है कि जिन पत्रकार साथियों के यातायात चालान हुए हैं, वे इसकी सूचना प्रेस क्लब कार्यालय में दें. आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं. ताकि लीगल सेल के माध्यम से आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा सके. साथ ही रायपुर प्रेस क्लब ने सभी पत्रकार साथियों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं. रायपुर प्रेस क्लब ने लीगल सेल का गठन कर सदस्यों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने की कोशिश की है. इस प्रयास का महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु , सयुक्त सचिव निवेदिता साहू, भूपेश जांगड़े ने स्वागत किया.


