गैस के दामों में बढ़ोत्तरी से सीधे तौर पर आम जनता और छोटे व्यवसायियों पर अतिरिक्त बोझ- देवलाल नरेटी कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष, AAP CG

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रायपुर। खाड़ी क्षेत्र में ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बने युद्ध जैसे हालातों के बीच विदेशों में फंसे भारतीयों की स्वदेश वापसी पर प्राइवेट एयरलाइंस कंपनियों द्वारा मनमाने किराए वसूले जाने को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने सवाल उठाया है कि आखिर केंद्र का विमानन मंत्रालय इतना असहाय क्यों है कि वह संकट की इस घड़ी में भी एयरलाइंस कंपनियों की मनमानी पर रोक नहीं लगा पा रहा है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय देशवासियों की मदद करने के बजाय निजी एयरलाइंस कंपनियां “आपदा में अवसर” तलाशते हुए आम जनता से कई गुना ज्यादा किराया वसूल रही हैं। सामान्य दिनों में जिन उड़ानों का किराया 15 से 20 हजार रुपये के आसपास होता था, वही टिकट आज 1 लाख से 1.15 लाख रुपये तक बेचे जा रहे हैं।


छत्तीसगढ़ सहित देश के हजारों लोग खाड़ी देशों में नौकरी और व्यापार करते हैं और वर्तमान परिस्थितियों में अपने घर लौटना चाहते हैं, लेकिन एयरलाइंस कंपनियों की इस लूट के कारण वे आर्थिक रूप से परेशान हो रहे हैं। पार्टी ने केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर इन कंपनियों की मनमानी पर अंकुश लगाने और फंसे भारतीयों की सुरक्षित व सस्ती वापसी सुनिश्चित करने की मांग की है।
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष देवलाल नरेटी ने कहा कि घरेलू और कमर्शियल गैस की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को भी केंद्र सरकार की आर्थिक विफलता का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस में 60 रुपये और कमर्शियल गैस में 115 रुपये की बढ़ोत्तरी सीधे तौर पर आम जनता और छोटे व्यवसायियों पर अतिरिक्त बोझ डालने का काम कर रही है। स्थिति यह है कि कमर्शियल गैस की आपूर्ति में कमी के कारण कई होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं, जिससे हजारों लोगों के रोजगार पर संकट मंडरा रहा है।

कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश में महंगाई बेलगाम हो चुकी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में पिछले कई वर्षों से क्रूड ऑयल की कीमतें अपेक्षाकृत कम होने के बावजूद सरकार ने इसका लाभ आम जनता तक नहीं पहुंचाया। इसके विपरीत, पेट्रोल और डीजल की कीमतों से लगातार भारी राजस्व वसूला गया और अब युद्ध का बहाना बनाकर घरेलू और कमर्शियल गैस की कीमतों में भी वृद्धि कर दी गई है।
पार्टी ने कहा कि मौजूदा हालात यह साबित करते हैं कि केंद्र की मोदी सरकार विदेश नीति और आर्थिक नीति दोनों ही मोर्चों पर पूरी तरह विफल रही है, जिसका खामियाजा देश की आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार से मांग की है कि तुरंत ठोस कदम उठाकर एयरलाइंस कंपनियों की लूट पर रोक लगाए, गैस की कीमतों में बढ़ोतरी वापस ले और आम जनता को राहत देने के लिए प्रभावी नीति लागू करे।




