छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

वैनगंगा एक्सप्रेस में गूंजी किलकारी, चलती ट्रेन में महिला ने दिया बच्ची को जन्म,रायपुर रेलवे प्रशासन की सतर्कता से मां और नवजात सुरक्षित

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

 रायपुर। सफर के दौरान रविवार को भिलाई और रायपुर के बीच चलती ट्रेन में एक महिला यात्री ने बेटी को जन्म दिया। वैनगंगा एक्सप्रेस में बच्ची के जन्म की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने त्वरित व्यवस्था करते हुए मां और नवजात को सुरक्षित आंबेडकर अस्पताल पहुंचाया।

महबूबनगर (हैदराबाद) से चांपा जा रही 25 वर्षीय अंकिता कुमारी अपने पति दिनेश कुमार के साथ एस-2 कोच में यात्रा कर रही थी। दुर्ग स्टेशन पार करने के बाद उन्हें अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल मदद की।

टीटीई की सूचना पर पहले से तैनात था अमला

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ड्यूटी पर मौजूद टीटीई ईशांत शर्मा ने तुरंत रायपुर वाणिज्य नियंत्रण कक्ष को सूचना दी। इसी बीच भिलाई स्टेशन पार करने के कुछ देर बाद कोच के भीतर ही महिला की डिलीवरी हो गई। यात्रियों की सहायता से प्रसव संपन्न हुआ और नवजात के रोने की आवाज से डिब्बे में मौजूद यात्रियों ने राहत की सांस ली।

रायपुर स्टेशन पर पहले से तैयार थी मदद

सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया। रेलवे अस्पताल, स्टेशन वाणिज्य अधीक्षक एमएस राजा, स्टेशन मास्टर एनके साहू सहित संबंधित विभागों को अलर्ट किया गया। ट्रेन के रायपुर स्टेशन पहुंचते ही प्लेटफार्म पर डॉक्टरों की टीम मौजूद रही।

मां और नवजात की जांच

डॉ. बिजोया और स्टाफ नर्स दीपमाला ने तुरंत मां और नवजात की जांच की। प्राथमिक परीक्षण के बाद दोनों को बेहतर निगरानी के लिए अस्पताल ले जाने का निर्णय लिया गया। रेलवे कर्मचारियों की मदद से मां और बेटी को स्ट्रेचर पर सावधानीपूर्वक उतारकर अस्पताल भेजा गया।

 

Related Articles

Back to top button